सिरसा जिले में एबीवीटी स्टाफ सिरसा की कार्रवाई, अवैध पिस्तौल सहित युवक काबू
mahendra india news, new delhi
सिरसा जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत एबीवीटी स्टाफ सिरसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे शेरपूरा रोड़ क्षेत्र से एक युवक को 315 बोर के अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ डिंग थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर एबीवीटी स्टाफ सिरसा की टीम गश्त और नाकाबंदी के दौरान नेशनल हाईवे शेरपूरा रोड़ पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे काबू कर लिया।
एबीवीटी स्टाफ प्रभारी ने बताया कि तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध पिस्तौल बरामद हुए। पूछताछ में उसकी पहचान कर्मजीत कुमार उर्फ बुग्गी पुत्र कृष्ण कुमार निवासी गांव पतली डाबर के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना डिंग में शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच संबंधित थाना पुलिस को सौंप दी गई है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि अवैध हथियार उसे कहां से मिला और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले पूरे गिरोह तक पहुंचने के लिए जांच हर पहलू से की जा रही है।