अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए थाना प्रभारियों की तय होगी जवाबदेही : पुलिस महानिरीक्षक कुलदीप सिंह
mahendra india news, new delhi
हिसार मंडल के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुलदीप सिंह बुधवार को बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन सिरसा पहुंचे। यहां पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए थाना स्तर पर जवाबदेही तय की जाए ।
आईजी कुलदीप सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिसकर्मी फील्ड में सक्रिय रहकर अपना सूचना तंत्र मजबूत करें, ताकि आपराधिक गतिविधियों की जानकारी समय रहते मिल सके और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने फरार आरोपियों, स्थायी वारंटियों और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अपराधियों का महिमामंडन नहीं, सख्ती से निपटें
पुलिस महानिरीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि पुलिस अपराधियों से सख्ती से निपटे और किसी भी अपराधी का महिमामंडन न होने दें। गंभीर व जघन्य अपराधों पर विशेष निगरानी रखने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सूचनाओं और खुफिया जानकारी को गंभीरता से लेकर समय पर कार्रवाई की जाए।
थाने में आने वाले व्यक्ति की शिकायत ध्यान से सुनें
उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि थाने में आने वाले फरियादियों के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। शिकायत को ध्यान से सुनकर पारदर्शी तरीके से नियमानुसार कार्रवाई करें । उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज होने के करीब एक सप्ताह बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक जरूर लिया जाए। छोटे विवादों को बातचीत और आपसी समझौते के माध्यम से समय रहते सुलझाने का प्रयास किया जाए, ताकि मामला आगे बढ़कर कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगाड़े।
जिला के साथ लगती सीमाओं पर नाकाबंदी मजबूत करें
उन्होंने कहा कि अपराधों पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए जिला के साथ लगती पंजाब व राजस्थान बॉर्डर पर नाकाबंदी को मजबूत करें तथा नाके से होकर गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति व वाहन की गहनता से चैकिंग करने उपरांत ही जाने की परमिशन दें । सीसीटीवी कैमरों को समय समय पर चैक करें की वे दुरुस्त हालत में काम करते है या नही ।