बिजली चोरी करने वालों पर कार्रवाई, बिजली निगम की टीम ने मारा छापा, 30 मकानों में की जांच
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश के अंदर बिजली चोरी के मामले आ रहे हैं। इसी को लेकर समय समय पर बिजली निगम की टीम द्वारा कार्रवाई की जाती रही है। इसी बड़ी दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ हिसार की आंबेडकर बस्ती में बिजली चोरी करने वालों को पकडऩे के लिए छापा मारा।
इस अभियान के दौरान पुलिस एवं बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया । करीबन 2 घंटे तक चलाए गए अभियान में 30 मकानों के बिजली कनेक्शन, मीटर व लोड की जांच की गई।
जानकारी के अनुसार संयुक्त टीम ने पड़ाव पुलिस चौकी प्रभारी संदीप कुमार के नेतृत्व में सुबह 7 बजे से आंबेडकर बस्ती हिसार में घर-घर जाकर बिजली कनेक्शनों की जांच की। चैकिंग के दौरान बिजली कनेक्शन की वैधता, मीटर एवं बिजली आपूर्ति से संबंधित विभिन्न पहलुओं की गहनता से जांच की गई। बिजली चोरी रोकने के लिए चलाए गये अभियान के दौरान करीबन 30 घरों के खिलाफ बिजली विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई। बिजली निगम के अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार बिजली चोरी, अवैध कनेक्शन अथवा बिजली व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।