कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने किया डॉ. शत्रुजीत सिंह की पुस्तक ‘हिंदुत्व’ का विमोचन
mahendra india news, new delhi
हरियाणा के कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने प्राचार्य डॉ. शत्रुजीत सिंह की पुस्तक ‘हिंदुत्व : अवधारणा, दर्शन, संस्कृति और समकालीन विमर्श’ का विमोचन किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने डॉ. शत्रुजीत सिंह को पुस्तक लेखन के लिए बधाई देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, दर्शन और परंपराओं पर गंभीर एवं तथ्यपरक लेखन समाज में अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति समझ को मजबूत करता है।
डॉ. शत्रुजीत सिंह की पुस्तक में हिंदुत्व को केवल एक राजनीतिक अवधारणा के रूप में देखने के बजाय उसके दार्शनिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और ऐतिहासिक आयामों को व्यापक परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत किया गया है। इसमें वेद, उपनिषद, भगवद्गीता तथा भारतीय चिंतन परंपरा से लेकर आधुनिक काल के प्रमुख विचारकों के विचारों तक का विवेचन किया गया है।
पुस्तक में स्वामी दयानंद सरस्वती, स्वामी विवेकानंद, श्री अरविंद, लोकमान्य तिलक, वीर सावरकर, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार तथा माधवराव सदाशिव गोलवलकर सहित विभिन्न विचारकों के चिंतन के माध्यम से हिंदुत्व की अवधारणा के विकास को समझने का प्रयास किया गया है। साथ ही हिंदुत्व और भारतीय समाज, संविधान, शिक्षा, कला-साहित्य, जनजातीय संस्कृति तथा वैश्विक स्तर पर भारतीय संस्कृति के प्रभाव जैसे विषयों को भी स्थान दिया गया है।
प्राचार्य डॉ. शत्रुजीत सिंह ने कहा कि पुस्तक लिखने का उद्देश्य हिंदुत्व की अवधारणा को उसके व्यापक सांस्कृतिक एवं दार्शनिक संदर्भों में समझना और उस पर संतुलित तथा तथ्यपरक विमर्श प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय सभ्यता की निरंतरता, विविधता और समन्वयकारी परंपरा को समझे बिना हिंदुत्व की अवधारणा का समग्र अध्ययन संभव नहीं है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री श्री सुरेंद्र आर्य,भाजपा जिलाध्यक्ष श्री यतींद्र सिंह, भाजपा नेता श्री प्रदीप रातुसरिया, युवा भाजपा नेता श्री रविन्द्र सिंह चौहान, डॉ. विक्रमजीत आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विमोचन समारोह में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य डॉ. शत्रुजीत सिंह को पुस्तक के प्रकाशन पर शुभकामनाएं दीं और इसे भारतीय संस्कृति एवं समकालीन विमर्श से जुड़े पाठकों के लिए उपयोगी कृति बताया।