गोगामेड़ी मेले के श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं एवं यात्री सुविधाओं का लिया जायजा
mahendra india news, new delhi
शुक्रवार (04.09.26) को बीकानेर मंडल के सादुलपुर स्टेशन पर मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (प्रधान कार्यालय जयपुर) राजीव गुप्ता ने गोगामेड़ी मेले के संबंध में की गई तैयारियों एवं यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मेले के दौरान स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने स्टेशन परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉल धारकों को खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित दरों से अधिक चार्ज नहीं वसूलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं यात्री स्टेशन पर पहुंचेंगे, ऐसे में उन्हें गुणवत्तापूर्ण सामग्री उचित दरों पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया तथा साफ-सफाई, पेयजल, खानपान सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, गोगामेड़ी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया।
मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।