गांव शेरपुरा की महिला के गले से सोने का लॉकेट तोड़ने का प्रयास, आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
mahendra india news, new delhi
सिरसा। संपत्ति विरुद्ध अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर थाना की सब्जी मंडी पुलिस चौकी ने महिला के गले से सोने का लॉकेट चोरी करने का प्रयास करने के मामले में आरोपी को मात्रा 24 घंटे में काबू कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान जगसीर सिंह उर्फ करण सिंह पुत्र चंद्रभान निवासी मलोट, पंजाब के रूप में की है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि गांव शेरपुरा निवासी सुमन पत्नी सुरेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह 11 अगस्त को तारा बाबा कुटिया में माथा टेकने गई थी।
इस दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात युवक ने उसके गले में पहना सोने का लॉकेट तोड़ लिया और मौके से फरार होने का प्रयास किया। भीड़ अधिक होने के कारण लॉकेट नीचे गिर गया। महिला ने तलाश के दौरान अपना लॉकेट बरामद कर लिया, जबकि आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर वहां से भाग गया।
शिकायत के आधार पर थाना शहर सिरसा में चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सब्जी मंडी पुलिस चौकी ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी जगसीर सिंह उर्फ करण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।