राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा में एनसीसी दिवस पर जागरूकता अभियान

 

mahendra india news, new delhi
सिरसा। थर्ड हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी, हिसार के निर्देशन में शुक्रवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरसा में एनसीसी दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की एनसीसी प्रभारी शिल्पी गुप्ता के संरक्षण में हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के हिंदी प्रवक्ता विकास पोपली ने छात्राओं को सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर और सीमित मात्रा में करना चाहिए।

निजी फोटो, वीडियो या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचना चाहिए, ताकि साइबर अपराध, ब्लैकमेलिंग और अन्य ऑनलाइन जोखिमों से स्वयं को सुरक्षित रखा जा सके। विद्यालय की प्रधानाचार्या परमजीत कौर और कॉमर्स प्रवक्ता अनिल भाटिया ने भी छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के समय में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सजगता की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने छात्राओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में कुछ छात्राओं ने नशे के दुष्प्रभावों और भ्रूण हत्या जैसे संवेदनशील सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार रखकर सभी को जागरूक किया। अंत में एनसीसी प्रभारी शिल्पी गुप्ता ने छात्राओं को देश सेवा के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में राष्ट्रीय अनुशासन, साहस और देशभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में सामाजिक, नैतिक और राष्ट्रीय चेतना को बढ़ावा देना रहा।