दिवाली पर ऑनलाइन शॉपिंग करते समय फर्जी ऑफर से रहें सावधान, भारी डिस्काउंट के चक्कर में लग सकता है,चूना : एसपी दीपक सहारन
mahendra india news, new delhi
दिवाली पर सस्ते सामान और भारी डिस्काउंट का लालच लोगों की जेब पर भारी पड़ सकता है। त्योहारी सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर साइबर ठग भी सक्रिय हो जाते हैं और फर्जी ऑफर देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। सिरसा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को ऑनलाइन खरीदारी के दौरान सावधानी बरतने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी है।
एसपी ने बताया कि फेस्टिव सेल के दौरान कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू उपकरणों पर भारी छूट के विज्ञापन दिखाकर लोगों को आकर्षित किया जाता है। ठग नामी कंपनियों जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट और विज्ञापन तैयार कर लोगों को धोखा दे सकते हैं। कई बार व्हाट्सएप और मोबाइल मैसेज पर गिफ्ट, कैशबैक और सस्ते सामान के नाम पर लिंक भेजे जाते हैं। इन पर क्लिक करते ही निजी जानकारी चोरी होने और बैंक खाते से रकम निकलने का खतरा रहता है।
फर्जी कस्टमर केयर और यूपीआई से भी रहें सावधान
पुलिस के अनुसार, ऑर्डर रद्द करवाने या रिफंड दिलाने के नाम पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए भी ठगी की जाती है। ठग मोबाइल पर एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर नुकसान पहुंचा सकते हैं। वहीं, पैसे वापस भेजने के बहाने यूपीआई पिन डलवाने की कोशिश की जाती है। ध्यान रखें कि पैसे प्राप्त करने के लिए यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं होती।
इन बातों का रखें ध्यान
ऑनलाइन खरीदारी हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से करें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी, पासवर्ड, बैंक की जानकारी व यूपीआई पिन किसी से साझा न करें। बाजार भाव से बहुत कम कीमत पर सामान मिलने का दावा हो तो पहले उसकी जांच करें। भुगतान से पहले विक्रेता और रिटर्न पॉलिसी की जानकारी भी देख लें। यदि साइबर ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। एसपी ने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता आपकी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रख सकती है।