भाजपा सरकार ने प्रदेश व प्रदेशवासियों के हित के लिए कोई कदम नहीं उठाया :राजकुमार शर्मा

 

Mahendra india news, new delhi
प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कहा कि इन 11 सालों में भाजपा सरकार ने प्रदेश व प्रदेशवासियों के हित के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। इस अर्से में भाजपा सरकार और इस पार्टी के नेताओं ने सिवाय जनता को गुमराह करने व झूठी बातें करने के अलावा दूसरा कोई काम नहीं किया। जारी बयान में शर्मा ने कहा कि भाजपा के शासन में प्रदेश सालों साल पीछे चला गया है। प्रदेश में मंहगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, अपराध चरम पर है।

हर जरूरी चीज के दाम में आग लगी हुई है। आम आदमी के लिए भाजपा राज में दो वक्त की रोटी का बंदोबस्त कर पाना मुश्किल हो गया है। शर्मा ने कहा कि सरकारी विभागों में बिना घूस दिए कोई काम नहीं होता। जो व्यक्ति घूस देने से मना कर देता है, उसको टरकाया जाता है। राजकुमार शर्मा ने कहा कि युवा वर्ग बेरोजगारी की मार से कराह रहा है। पढ़े लिखे युवा हाथों में डिग्री लिए एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर चक्कर काटने का मजबूर हैं।

बेरोजगार युवा नशे व अपराध की दलदल में जाकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहा है। वरिष्ठ कांगे्रस नेता ने कहा कि प्रदेश में आए दिन आपराधिक वारदातें हो रही है। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और सरकार सुशासन का राग अलाप रही है। राजकुमार शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार झूठ पर झूठ बोलकर जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है, पर जनता सरकार की असलियत जान चुकी है। भाजपा सरकार को ना तो किसानों की परवाह है, ना ही आम आदमी की। यह सरकार सिर्फ और सिर्फ बड़े घरानों के हित का सोचती है और इन लोगों को ध्यान में रखकर ही नीतियां-योजनाएं लागू करती है। शर्मा ने कहा कि देश व प्रदेश में आने वाला वक्त कांग्रेस का ही है।