हरियाणा प्रदेश में टोल टैक्स विवाद में हुआ खूनी खेल, टोल मैनेजर को स्कार्पियो चालक ने गाड़ी से कुचला; मौत
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश की बड़ी खबरों में हिसार से हैं। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर स्थित बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर टोल टैक्स के झगड़ा को लेकर एक दर्दनाक मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार टोल टैक्स देने को लेकर हुए विवाद के बाद एक बेकाबू स्कार्पियो गाड़ी के चालक ने टोल मैनेजर को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस वारदात में टोल मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। इसी के साथ गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक सोमवार को एक स्कार्पियो गाड़ी हिसार-चंडीगढ़ रोड पर बने बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर पहुंची। बताया जा रहा है कि टोल नाके पर गाड़ी सवार युवकों और टोल कर्मियों के बीच टोल टैक्स के भुगतान को लेकर आपस में कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद तो देखते ही देखते यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि स्कार्पियो सवार लोग तैश में आ गये।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक टोल मैनेजर संजय शुक्ला मूल रूप से यूपी के प्रयागराज का निवासी था और लंबे वक्त से यहां बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है ताकि स्कार्पियो गाड़ी के नंबर और आरोपियों की पहचान हो सके।