सिरसा में  5 सरपंच, 26 पंच तथा तीन ब्लॉक समिति सदस्यों के रिक्त पदों के लिए होंगे उपचुनाव

 
mahendra india news, new delhi

राज्य निर्वाचन आयोग हरियाणा द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के 5 सरपंच, 26 पंच तथा तीन ब्लॉक समिति सदस्यों के रिक्त पदों के उप चुनाव करवाने से पूर्ण मतदाता सूची तैयार करने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है। आयोग द्वारा सरपंच, पंच, पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के रिक्त पदों पर प्रस्तावित उपचुनाव करवाने के लिए पूर्व संबंधित ग्राम पंचायत / पंचायत समिति की मतदाता सूची तैयार करवाने के लिए कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके तहत संबंधित ग्राम पंचायतों में वार्ड वार प्रारूप मतदाता सूची तैयार की जाएगी।


सिरसा के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) शांतनु शर्मा ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 फरवरी तक संबंधित वार्डवार ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद 2 मार्च को सभी वार्डों की ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद नौ मार्च तक आमजन से दावे और आपत्तियां मांगी जाएगी। मतदाता सूची में नाम जोडऩे, हटाने या संशोधन के लिए 9 मार्च तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 12 मार्च तक किया जाएगा। 

इसके बाद आवेदक उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष 16 मार्च तक अपील कर सकेगा। इन अपीलों का निस्तारण 19 मार्च तक किया जाएगा। समस्त प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 27 मार्च को किया जाएगा। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ पूरे किए जाएं।

इन जगहों पर होंगे उप चुनाव
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) शांतनु शर्मा ने बताया कि सरपंच पद के लिए पांच ग्राम पंचायतों में उप चुनाव होंगे जिनमें बीरूवालागुढा, मलड़ी, चिलकनी ढाब, बरुवाली द्वितीय व धमोड़ा थेड़ी शामिल है। इसी प्रकार 26 पंच पद के उपचुनाव होंगे जिनमें ग्राम पंचायत डबवाली में वार्ड नंबर 8 व 10, ग्राम पंचायत तेजाखेड़ा का वार्ड नंबर 2, बिज्जुवाली का वार्ड नंबर दो, नीलयांवाली का वार्ड नंबर चार, मौजगढ का वार्ड नंबर एक, आसाखेड़ा का वार्ड नंबर चार, लक्खुआना का वार्ड नंबर दो, गोरीवाला का वार्ड नंबर छह शामिल हैं। इसी प्रकार तलवाड़ा खुर्द का वार्ड नंबर 14, ढाणी संता सिंह का वार्ड नंबर एक, मल्लेकां का वार्ड नंबर एक, बेहरवाला खुर्द का वार्ड नंबर पांच,


 शेरपुरा के वार्ड नंबर तीन व छह, अली मोहम्मद का वार्ड नंबर छह, सिंहपुरा का वार्ड नंबर छह, चकेरियां का वार्ड नंबर तीन, गिदड़ांवाली का वार्ड नंबर चार, धोतड़ का वार्ड नंबर छह, ढुडियावाली के वार्ड नंबर छह व 10, थेड़ी बाबा सावन सिंह का वार्ड नंबर दो, फरवाईकलां का वार्ड नंबर नौ, मंगाला का वार्ड नंबर 12, झोपड़ां का वार्ड नंबर चार में उप चुनाव होंगे। इसके अलावा तीन पंचायत समितियों के भी उप चुनाव करवाए जाने हैं, जिनमें पंचायत समिति ऐलनाबाद का वार्ड नंबर 19, पंचायत समिति ओढां का वार्ड नंबर एक तथा सिरसा पंचायत समिति का वार्ड नंबर आठ में भी रिक्त पद के कारण उप चुनाव होंगे।