सीडीएलयू के बीएससी फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों ने किया हरी जी बेकरी का भ्रमण

 

mahednra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के बीएससी फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी के पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने औद्योगिक भ्रमण के तहत सिरसा स्थित हरी जी बेकरी का दौरा किया। यह भ्रमण विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के निर्देशन, यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज के डीन प्रो. मोहम्मद काशिफ किदवई के मार्गदर्शन तथा फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी की चेयरपर्सन प्रो. संजू बाला ढूल के सहयोग से आयोजित किया गया।


भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बेकरी में खाद्य प्रसंस्करण की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा ब्रेड, बिस्किट और बन्ध  के निर्माण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने प्रसंस्करण तकनीक, कार्यस्थल की व्यवस्थाओं, स्वच्छता, गुणवत्ता नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को व्यावहारिक रूप से समझा।


इस औद्योगिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक परिस्थितियों से जोड़ना तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की कार्यप्रणाली से परिचित करवाना था। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रक्रियाओं को नजदीक से समझते हुए विषय से संबंधित महत्वपूर्ण व्यावहारिक जानकारी हासिल की।

इस अवसर पर डीन प्रो. मोहम्मद काशिफ किदवई ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों की शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे भ्रमणों से विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने तथा अपने विषय की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों के लिए उद्योगों का प्रत्यक्ष अनुभव उनके तकनीकी ज्ञान, कौशल और व्यावसायिक समझ को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।कार्यक्रम का नेतृत्व फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी की प्राध्यापक डॉ. अंकिता बियानी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान की तथा विभिन्न गतिविधियों को उनके पाठ्यक्रम से जोड़कर समझाया।