तिरंगा यात्रा से गूंजा सीडीएलयू परिसर, राष्ट्रभक्ति और नशा मुक्ति का दिया संदेश
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक जागरूकता से ओतप्रोत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट वेलफेयर , डीन यूथ वेलफेयर , राष्ट्रीय सेवा योजना तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। तिरंगा यात्रा में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार, कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार, युवा कल्याण निदेशक पर मंजू ,एन एस एस कोऑर्डिनेटर डॉ. रोहतास के साथ-साथ विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर बहुउद्देशीय भवन के सभागार में पहुंची, जहां कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देश भक्ति के नारों के साथ विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश प्रेम का संदेश दिया। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा, हमारे युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। राष्ट्र के प्रति सम्मान केवल उत्सवों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों में भी दिखाई देना चाहिए। तिरंगा यात्रा विद्यार्थियों में राष्ट्र प्रेम, अनुशासन और राष्ट्रीय जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।
वंदे मातरम् के 150 वें वर्ष का भी किया गया स्मरण
इस अवसर पर युवा कल्याण निदेशालय द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वें वर्ष के उपलक्ष्य में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय द्वारा 14 अगस्त को ‘वंदे मातरम्’ के 150 वें वर्ष के स्मरण में कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय सभागार में किया गया, जिसमें राष्ट्र को जागृत करने वाले इस ऐतिहासिक गीत की विरासत को याद किया गया और संगीत विभाग के बच्चों ने ‘वंदे मातरम्’ के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्र की स्वतंत्रता चेतना, एकता, गौरव और प्रेरणा का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया। विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित ‘नशा मुक्त युवा ,विकसित भारत अभियान’ सेल्फी प्वाइंट विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। इस पहल के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।