राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में CDLU SIRSA की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रनर-अप ट्रॉफी पर जमाया कब्जा
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के विधि विभाग की मूट कोर्ट टीम ने विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के मार्गदर्शन तथा विभागाध्यक्ष प्रो. उमेद सिंह के दिशा-निर्देशन में राष्ट्रीय स्तर पर एक उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। स्वामी देवी दयाल लॉ कॉलेज, पंचकूला द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रनर-अप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विभाग के अध्यक्ष प्रो. उमेद सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली आदि राज्य सहित देशभर की 20 टीमों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में विधि विभाग की दो टीमों ने भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और सभी महत्वपूर्ण श्रेणियों में पुरस्कार अपने नाम किए।
प्रो. उमेद सिंह ने कहा कि टीम का नेतृत्व विभाग के प्राध्यापक डॉ. विकास पूनिया ने किया। बी.ए. एलएल.बी. 9वें सेमेस्टर की छात्रा कशिश भटनागर तथा बी.ए. एलएल.बी. 5 वें सेमेस्टर के छात्र क्रिश शर्मा और मंजीत कंबोज की प्रथम टीम ने प्रभावशाली विधिक तर्क, शोध क्षमता और प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन किया। रनरअप ट्रॉफी के साथ-साथ व्यक्तिगत श्रेणियों में बेस्ट मूटर अवॉर्ड क्रिश शर्मा, बेस्ट मेंशन स्पीकर (प्रॉसीक्यूशन) अवॉर्ड कशिश भटनागर, स्पेशल मेंशन रिसर्चर अवार्ड मंजीत कम्बोज ने प्राप्त किया।
विभाग की दूसरी टीम जिसमें बी.ए. एलएल.बी. 7वें सेमेस्टर की छात्राएँ वृंदा शर्मा और ऋचा कंबोज, तथा एलएल.बी. 3 वें सेमेस्टर की छात्रा शानू सिंगला शामिल थीं, ने भी अपने प्रभावी शोध और प्रस्तुति से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष रूप से ऋचा कंबोज व वृंदा शर्मा ने उत्कृष्ट शोध क्षमता का प्रदर्शन करते हुए बेस्ट रिसर्चर अवॉर्ड प्राप्त किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति हरकेश मनुजा, उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता विशाल व प्रिन्सिपल रिचा रंजन द्वारा किया गया।
समापन समारोह में माननीय न्यायमूर्ति हरकेश मनुजा ने टीम इंचार्ज डॉ. विकास पूनिया को छात्रों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन, समर्पण और उनकी कानूनी क्षमता को संवारने में उल्लेखनीय योगदान हेतु बेस्ट मेंटर अवार्ड प्रदान किया। कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने टीमों को बधाई देते हुए कहा कि हमारे विद्यार्थियों ने अपने परिश्रम, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
विभागाध्यक्ष प्रो. उमेद सिंह ने दोनों टीमों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विधि विभाग के छात्र राष्ट्रीय मंचों पर लगातार सराहनीय प्रदर्शन कर रहे हैं और यह विभाग की गुणवत्ता का परिचायक है। टीम इंचार्ज डॉ. विकास पूनिया ने कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिता छात्रों को व्यावहारिक न्यायालयीय अनुभव प्रदान करती हैं और उन्हें एक सक्षम, आत्मविश्वासी और उत्तरदायी विधिक पेशेवर बनने की दिशा में तैयार करती हैं। समापन समारोह में प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधि विभाग के प्राध्यापक डॉ. अनिल घंघास, डॉ. ज्योत्सना चौधरी, डॉ. नरेंद्र कुमार और डॉ. वकील मेहरा भी उपस्थित रहे और विजेता टीमों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रदान कीं।