विश्व नारियल दिवस पर सीडीएलयू के वनस्पति विज्ञान विभाग ने आयोजित की क्विज प्रतियोगिता
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू), सिरसा के वनस्पति विज्ञान विभाग की ओर से विश्व नारियल दिवस-2026 के अवसर पर विद्यार्थियों में नारियल के खाद्य सुरक्षा, आजीविका, सतत विकास एवं अर्थव्यवस्था में महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष की थीम “अनिश्चितता के दौर में नारियल : खाद्य, ऊर्जा एवं आजीविका की सुरक्षा” के अनुरूप किया गया। प्रतियोगिता में एम.एससी. वनस्पति विज्ञान तथा बी.एससी.-एम.एससी. इंटीग्रेटेड कार्यक्रम के लगभग 43 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
क्विज प्रतियोगिता में वनस्पति विज्ञान , नारियल की खेती आर्थिक एवं औषधीय महत्व, पोषण, जैव विविधता तथा पर्यावरणीय स्थिरता से संबंधित प्रश्न शामिल किए गए। प्रतियोगिता को विभिन्न चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें सामान्य वनस्पति ज्ञान, चित्र आधारित पहचान तथा बहुविकल्पीय प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान का परीक्षण किया गया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को ज्ञानवर्धक जानकारी के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के मंच संचालन एवं क्विज प्रतियोगिता का संचालन शोधार्थी विन्हुति गुलिया, साहिल सिंह एवं दीपक बेनीवाल द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वनस्पति विज्ञान विभाग के चेयरपर्सन प्रो. एम.के. किदवई के मार्गदर्शन में हुआ। डॉ. ज्योति रानी, कन्वीनर ने कार्यक्रम का समन्वय किया, जबकि डॉ. नीलम, ममता एवं संदीप ने को-कन्वीनर के रूप में सहयोग किया।प्रतियोगिता में टीम नंबर 10 के सोनू, निकिता एवं नवनीत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम नंबर 5 की रोहिणी, जानवी एवं स्नेहा ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि टीम नंबर 2 की एकता, नैन्सी एवं करण तृतीय स्थान पर रहे।
विभाग के शिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों एवं विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उत्साह और सक्रिय सहभागिता की सराहना की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नारियल केवल एक बहुउपयोगी फसल ही नहीं, बल्कि पोषण, सतत कृषि, ग्रामीण आजीविका और पर्यावरणीय सुदृढ़ता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला संसाधन है।