महाराजा अग्रसेन स्कूल SIRSA में आयोजित हुआ बाल प्रतिभा सम्मान समारोह बाल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलना जरूरी है - गोबिंद कांडा
Mahendra india news, new delhi
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं श्री बाबा तारा जी कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा ने कहा कि विद्यालय स्तर पर ही बाल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। प्रोत्साहन से प्रतिभा में निखार आता है और बच्चे आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षण के साथ साथ सांस्कृतिक और क्रीड़ा क्षेत्र में भी बच्चों को आगे बढ़ाना चाहिए। इस सोच के साथ ही पूर्व मंत्री भाई गोपाल कांडा ने महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह और श्री अग्रवाल सेवा सदन के लोकार्पण में सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को 5100 रुपए देने का ऐलान किया था।
गोबिंद कांडा आज सिरसा के महाराजा अग्रसेन स्कूल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। सभी 185 बाल प्रतिभाओं को पूर्व मंत्री गोपाल कांडा की ओर से 5100 - 5100 रुपए की नकद राशि देकर गोबिंद कांडा ने सभी छात्र - छात्राओं को सम्मानित किया। गोबिंद कांडा ने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नन्हे मुन्ने बच्चे ही अपनी प्रस्तुतियों में दर्शाने का कार्य करते हैं। इसलिए उन्हें प्रोत्साहन मिलना चाहिए।
महाराजा अग्रसेन स्कूल की टीमों द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती व अग्रवाल सेवा सदन के उद्घाटन समारोह में शानदार प्रस्तुतियां दी गई थी। टीमों द्वारा गणेश वंदना, नवदुर्गा, भंगड़ा, हरियाणवी डांस, राजस्थानी डांस, ग्रुप सांग सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई थीं।
महाराजा अग्रसेन स्कूल चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान अनिल गनेरीवाला सहित अन्य सदस्यों ने वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा का स्कूल में पहुंचने पर पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मान किया। इसके बाद स्कूल के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यातिथि ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली टीमों के करीब 185 सदस्य छात्र-छात्राओं को 5100-5100 रूपये की नकद राशि भेंट कर सम्मानित किया। स्कूल की प्राचार्या डॉ. श्रीमती जपनीत कौर व उपप्राचार्या श्रीमती शिव गुप्ता ने स्कूली बच्चों को सम्मानित करने पर मुख्यातिथि गोबिंद कांडा का आभार जताया। उन्होंने बताया कि पूर्व गृहराज्यमंत्री गोपाल कांडा ने अग्रवाल सेवा सदन के उद्घाटन समारोह में स्कूल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली टीमों में शामिल प्रत्येक छात्र व छात्रों को 5100 रूपये देने की घोषणा की थी। इसी को लेकर आज स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अग्रवाल सभा के प्रधान संजय गोयल साहुवाला, महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट के उप प्रधान भीम सर्राफ, सचिव कुंजबिहारी रातुसरिया, कोषाध्यक्ष सुनील सर्राफ, संयुक्त सचिव रत्न जिंदल, अग्रवाल सभा के अश्विनी बंसल, इंद्रेश गुर्जर, हरी प्रकाश शर्मा, लक्ष्मण गुर्जर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।