सिरसा में आएंगे सीएम, ड्रोन उड़ाए जाने पर रहेगी पाबंदी, धारा 163 लागू
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सिरसा दौरे के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से जिलाधीश शांतनु शर्मा ने 23 जुलाई को धारा 163 लागू करते हुए ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया है।
सिरसा जिलाधीश शांतनु शर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए ड्रोन, ग्लाइडर, रिमोट कंट्रोल विमान, फ्लाइंग कैमरा, हेलीकैम आदि किसी भी प्रकार के यूएवी को नगर परिषद क्षेत्र सिरसा के 5 किलोमीटर के दायरे में उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। यह आदेश पुलिस और ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारियों, पर लागू नहीं होगा। आदेश का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध लोगों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी,तीसरी आंख का काम करेंगे : एसपी ।
सिरसा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 23 जुलाई को प्रस्तावित सिरसा दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कर लिए हैं। मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह 8:30 बजे चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) के ऑडिटोरियम में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पूरे शहर में पुलिस अलर्ट मोड पर है और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए करीब 500 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही आमजन के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है। एसपी ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था अपनाई जाएगी। सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाएगी। इसके अलावा बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वायड और खुफिया एजेंसियां भी पूरी तरह सक्रिय रहेंगी। पुलिस टीमों को कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा और अलग-अलग स्थानों पर पुलिस नाके लगाए जाएंगे। यातायात पुलिस की टीमें पूरे समय व्यवस्था संभालेंगी ताकि किसी भी तरह का जाम न लगे और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि अत्यंत जरूरी काम न हो तो कार्यक्रम के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन लेकर जाने से बचें। नागरिक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आमजन का सहयोग मिलने से कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकेगा।
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि सिरसा पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कानून व्यवस्था बनाए रखना भी प्राथमिकता रहेगी। यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य मुख्यमंत्री के दौरे को सुरक्षित, सफल और सुव्यवस्थित बनाना पुलिस की पहली प्राथमिकता रहेगी।