सिरसा जिला में कांग्रेस नेता के पोते की हत्या, भाई-भतीजा घायल
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश के जिला सिरसा में कांग्रेस नेता पोहला सिंह गिल के पोते कुलबीर सिंह उर्फ निक्का की हत्या करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आए कुलबीर सिंह पर बस स्टैंड पर घात लगाकर हमला कर दिया गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये, इससे कुलबीर की मौत हो गई। इस हमले में कुलबीर सिंह के भाई और भतीजा भी घायल हुए हैं।
इस घटना के बाद पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक पता चला है कि गांव झोरड़ निवासी कुलबीर सिंह उर्फ निक्का, जो कांग्रेस नेता पोहला सिंह गिल के पोते हैं, हत्या के एक मामले में जेल में बंद थे। बताया जा रहा है कि हाल ही में उन्हें जमानत मिली थी और वह जेल से बाहर आए थे।
इसके बाद बुधवार को जब कुलबीर सिंह अपने भाई और भतीजे के साथ सिरसा बस स्टैंड पर मौजूद था, इसी दौरान कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने तेजधार हथियारों से उन पर वार किए।
हमले में कुलबीर सिंह को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी रास्ते में ही मौत हो गई। इस हमले में उनके भाई और भतीजे को भी चोटें आई हैं, उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में भेज दिया है।