नाथूसरी चौपटा में रोडवेज बसों का संकट, नोहर और भादरा रूट पर बसें बंद
mahendra india news, new delhi|
नाथूसरी चौपटा। हरियाणा रोडवेज सांझा मोर्चा के आह्वान पर सिरसा डिपो के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर नाथूसरी चौपटा बस स्टैंड पर भी देखने को मिला। सोमवार को सिरसा डिपो की बसें नहीं चलने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री बसों के इंतजार में बस स्टैंड पर बैठे रहे, लेकिन कई रूटों पर सरकारी बस सेवा उपलब्ध नहीं हो पाई।
नाथूसरी चौपटा बस स्टैंड से फतेहाबाद डिपो की बसें चौपटा वाया भट्टू रूट पर चलती रहीं। वहीं, नोहर और भादरा रूट पर सिरसा डिपो की बसें बंद रहने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। इसके अलावा डबवाली डिपो की बस सुबह के समय चौपटा से पोकरण के लिए रवाना हुई।
गौरतलब है कि हरियाणा रोडवेज सांझा मोर्चा के आह्वान पर सिरसा डिपो के कर्मचारी रविवार शाम से हड़ताल पर चले गए थे। इसके चलते सोमवार से सिरसा डिपो से संचालित होने वाली सरकारी बस सेवाएं प्रभावित रहीं। बसों का संचालन बंद होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हड़ताल के कारण नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के यात्रियों को भी दूसरे डिपो की बसों पर निर्भर रहना पड़ा।