युवा योद्धा सम्मेलन में उमड़ी युवाओं की भीड़, डॉ. अजय चौटाला भीड़ देख हुए गद्गद्, कहा, देश, प्रदेश में बदलाव की शुरूआत हरियाणा से होगी
mahendra india news, new delhi
सिरसा। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि आज देश में बेशक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं मगर उनकी सरकार उद्योगपति अडानी व अंबानी चला रहे हैं जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आज पूरे देश में पूंजीपतियों की सरकार है। आज देश की संपत्ति रेलवे सहित अडानी अंबानी के नाम गिरवी रख दी गई है। वे मंगलवार को सिरसा की अनाजमंडी में युवा योद्धा सम्मेलन को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।
ठाठे मारते पंडाल में युवाओं की फौज को देखकर उत्साहित राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि आज पूरे देश प्रदेश में बदलाव की आवश्यकता है और ये बदलाव केवल युवा ही कर सकते हैं। इसकी शुरूआत हरियाणा की धरती से ही होगी। जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि आज प्रदेश में भी गुंडाराज कायम हो गया है। व्यापारियों से फिरौती, महिलाओं के प्रति घरेलू हिंसा व लूटपाट आदि की आपराधिक घटनाएं आज आम हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज कानून व्यवस्था के हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज चुने हुए प्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं हैं और उन्हें धमकियां मिल रही हैं।
ऐसे में आम आदमी की सुरक्षा को लेकर सरकार से कया उम्मीद की जा सकती है? हाल ही में बाढ़ से प्रभावित हरियाणा के हजारों किसानों की मदद के लिए सरकार की उदासीनता को दोषी ठहराते हुए डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि सरकार केवल किसानों के प्रति हितैषी होने का छदम दम भरती है लेकिन वास्तविकता इसके ठीक विपरीत है। उन्होंने कहा कि अभी तक बाढ़ व बरसात प्रभावित किसानों की गिरदावरी तक पूरी नहीं हुई है और सरकार मुआवजे की बजाए केवल पोर्टल पोर्टल खेल रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की तर्ज पर पूरे हरियाणा को भी आपदाग्रस्त राज्य घोषित कर प्रधानमंत्री राहत कोष से मदद मिलनी चाहिए थी मगर हरियाणा सरकार ने इसके लिए कोई प्रयास नहीं किया।
इससे पूर्व हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत सिंह चौटाला ने कहा कि आज युवाओं की प्रदेश सरकार द्वारा की जा रही अनदेखी के चलते पूरे हरियाणा के युवाओं में आक्रोश पाया जा रहा है जिसकी शुुरूआत सिरसा से इस युवा योद्धा सम्मेलन से की गई है। उन्होंने कहा कि सिरसा से की गई इस शुरुआत को आगे बढ़ाने हुए आगामी 13 मार्च को प्रदेश में किसी एक स्थान पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर युवा पीढ़ी को एक मंच पर लाएंगे। उन्होंने कहा कि आज युवा प्रदेश में बदहाल स्थिति में हैं और जब तक अच्छी शिक्षा देकर युवाओं को राजगार नहीं मिलता, तब तक उनके लिए सुनहरे भविष्य का ख्वाब नहीं देखा जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार की युवाओं के प्रति उदासीनता के चलते ही प्रदेश का युवा परेशान है। पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि शिक्षा के नाम पर मुनाफा कमाया जा रहा है। एक आंकड़ा देते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में भागेदारी के चलते उन्होंने पिछले चार साल में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में 3000 विद्यार्थियों की संख्या को आगे बढ़ाते हुए 6000 तक पहुंचाने का काम किया।
उन्होंने गंभीर आरोप जड़ा कि बिना पर्ची बिना खर्ची भर्ती का दावा करने वाली भाजपा सरकार के नेतृत्व में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के मौजूदा वाइस चांसलर द्वारा पिछले दरवाजे से 18 नियुक्तियां देकर सरकार की तथाकथित पॉलिसी को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि अब इन्हीं 18 नियुक्तियों को नियमित करने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इस मामले की गंभीरता से जांच की मांग की। प्रदेश की मौजूदा कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि पूर्व में मुख्यमंत्री ने रोहतक में भाषण दिया था कि अपराधी अपराध छोड़ें या हरियाणा छोड़ें लेकिन मुख्यमंत्री के भाषण के बाद अपराध घटने की बजाए बढ़े हैं।
ऐसे में मुख्यमंत्री को अपराध पर श्वेत पत्र जारी करें। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज प्रदेश में गुंडे नायब और पुलिस गायब है। उन्होंने हिसार घग्घर ड्रेन में पाइप लाइन डालने के कार्य में करोड़ों का घोटाला होने का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की।
इससे पूर्व युवा जेजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने युवाओं को इतनी संख्या में देखकर उनका अभिनंदन करते हुए कहा कि अभी युवा कारवां की शुरुआत सिरसा से हुई है और प्रदेश में ये कारवां अब और बढ़ता जाएगा। उन्होंने युवाओं को उत्साहित करते हुए कहा कि उनके जोश व उत्साह के चलते आज पंडाल भी छोटा पड गया। युवा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इस युवा योद्धा सम्मेलन से पहले पूरे प्रदेश में उन्हें युवा जोड़ो अभियान के तहत 650 गांवों में जाने का अवसर मिला और एक संदेश मिला कि आज प्रदेश के युवा परेशानी में हैं। उनके लिए बेरोजगारी एक बड़ी चुनौती है मगर सरकार ने अभी तक उनके लिए कोई बड़ा फैसला नहीं लिया। दिग्विजय सिंह चौटाला ने बताया कि पूर्व डिप्टी सीएम ने हरियाणा के युवाओं को हरियाणा के ही निजी उद्योगों में 75 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया था और आज भी यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है जिसकी लड़ाई जेजेपी लड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज कॉलेज तथा यूनिवर्सिटी में अध्यापकों की कमी है। युवाओं के प्रोत्साहन के लिए खेल की कोई पॉलिसी नहीं है मगर ऐसी परिस्थितियों में अब जेजेपी खिलाडिय़ों व युवाओं की सशक्त आवाज बनेगी। उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी के चलते युवा वर्ग आज नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों में शामिल हो गए हैं जो चिंतनीय है।
युवा योद्धा सम्मेलन में उमड़ी युवाओं की भीड़ को उत्साहित करते हुए युवा जेजेपी के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि सिरसा से आरंभ हुआ ये सम्मेलन केवल जिला स्तर पर ही नहीं बल्कि सभी जिलों में सम्मेलन आयोजित करने के बाद हरियाणा स्तर पर भी आगामी 13 मार्च को जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर विशाल सर्व हरियाणा युवा योद्धा नाम से बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें युवाओं की लाखों की भीड़ उमड़ेगी। कार्यक्रम के दौरान जेजेपी को उस समय बड़ी कामयाबी मिली जब भट्टू से इनेलो नेत्री संतोष माचरा अपनी अन्य सहयोगियों सहित जेजेपी परिवार में शामिल हुई।
उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि वे पार्टी संगठन को पहले से भी कहीं अधिक मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएंगी। इससे पूर्व जेजेपी के प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा, राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी ने भी अपना संबोधन दिया। जेजेपी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने सम्मेलन में सभी आए हुए अतिथियों का अभिनंदन व धन्यवाद किया। मंच संचालन जेजेपी के प्रदेश संगठन सचिव रणदीप मट्टदादू ने बखूबी किया।