हरिभजन सिंह रेणू स्मृति सम्मान' से अलंकृत होंगे डॉ. हरविंदर सिंह सिरसा, 'पुस्तक-चर्चा एवं नारी कवि दरबार' का आयोजन 6 सितंबर को

 

mahendra india news, new delhi
पंजाबी लेखक सभा, सिरसा द्वारा प्रतिष्ठित पंजाबी महाकवि हरिभजन सिंह रेणू की स्मृति में दिया जाने वाला 'हरिभजन सिंह रेणू स्मृति सम्मान' अखिल भारतीय प्रगतिशील लेखक संघ (प्रलेस) के राष्ट्रीय सचिवमंडल सदस्य एवं हरियाणा राज्य इकाई के महासचिव डॉ. हरविंदर सिंह सिरसा को दिया जाएगा। यह निर्णय पंजाबी लेखक सभा, सिरसा के अध्यक्ष परमानन्द शास्त्री की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में लिया गया।

यह जानकारी देते हुए पंजाबी लेखक सभा, सिरसा के सचिव सुरजीत सिंह सिरड़ी व वित्त सचिव अनीश कुमार ने बताया कि डॉ. हरविंदर सिंह सिरसा को यह सम्मान 6 सितंबर को श्री युवक साहित्य सदन, सिरसा में आयोजित किए जा रहे 'पुस्तक-चर्चा एवं नारी कवि दरबार' कार्यक्रम के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित पुस्तक-चर्चा के अंतर्गत पंजाबी कवयित्री छिंदर कौर सिरसा के काव्य-संग्रह 'यारड़िया' पर पंजाबी साहित्य अकाडमी, लुधियाणा की उपाध्यक्ष एवं प्रतिबद्ध प्रगतिवादी चिंतक डॉ. अरविंदर कौर काकड़ा समीक्षा प्रस्तुत करेंगी।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में नारी कवि दरबार का आयोजन किया जाएगा जिस के अंतर्गत नरिंदर पाल कौर, कमल सेखों, राजविंदर कौर जटाणा, सतनाम कौर चौहान, रणजीत कौर सवी, छिन्दर कौर सिरसा, कर्मजीत दियोण व डॉ. अरविंदर कौर काकड़ा अपनी कवितायों की प्रस्तुति करेंगी। कवि दरबार का संचालन पंजाबी समीक्षक एवं कवयित्री डॉ. हरमीत कौर करेंगी। कार्यक्रम का प्रारंभ महक भारती द्वारा हरभजन सिंह रेणू की ग़ज़ल के गायन से होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात लेखक एवं प्रबुद्ध चिंतक का. स्वर्ण सिंह विर्क करेंगे। पंजाबी लेखक सभा, सिरसा के पदाधिकारियों ने सिरसा और आसपास के सभी सम्मान्य साहित्य-प्रेमी प्रबुद्धजन से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाने हेतु विनम्र अनुरोध किया है।