डीएलईसी बैठक में कृषि यंत्रों के लाभार्थियों का ड्रॉ, भौतिक सत्यापन समिति का भी गठन

 

mahendra india news, new delhi
सिरसा 
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल की अध्यक्षता में सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति एसएमएएम की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026-27 के तहत कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए पात्र किसानों के चयन के लिए ड्रॉ निकाला गया। यह ड्रा रोटावेटर व लेजर लैंड लेवलर मशीनों के लिए निकाला गया।


अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि व्यक्तिगत श्रेणी में कृषि यंत्रों के लिए 11,871 आवेदन प्राप्त हुए हैं। निदेशालय से प्राप्त लक्ष्य के अनुसार 1,590 रोटावेटर तथा 1,124 लेजर लैंड लेवलर मशीनों के लिए लाभार्थियों का चयन ड्रॉ के माध्यम से किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि चयनित लाभार्थियों के बाद प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी। रोटावेटर के लिए 4838 तथा लेजर लैंड लेवलर के लिए 3862 आवेदन प्राप्त हुए थे। यदि कोई चयनित किसान निर्धारित अवधि में मशीन खरीदने की प्रक्रिया पूरी नहीं करता है तो प्रतीक्षा सूची में शामिल अगले पात्र किसान को अवसर दिया जाएगा। जिन किसानों ने अन्य कृषि यंत्रों को प्रथम विकल्प के रूप में चुना है, उन्हें योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार उनके प्रथम विकल्प वाले कृषि यंत्र पर ही अनुदान का लाभ दिया जाएगा।


बैठक में कृषि यंत्रों के भौतिक सत्यापन के लिए चार सदस्यीय समिति के गठन को भी मंजूरी दी गई। समिति में उप कृषि निदेशक, सहायक कृषि अभियंता, जिला उद्यान अधिकारी तथा जीएसटी इंस्पेक्टर के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। यह भी निर्णय लिया गया कि एक लाख रुपये से अधिक अनुदान वाले मामलों में प्रथम भौतिक सत्यापन के बाद 70 प्रतिशत तथा द्वितीय सत्यापन के बाद शेष 30 प्रतिशत अनुदान जारी किया जाएगा, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।


इसके अलावा समिति ने निर्णय लिया कि जिन लाभार्थी किसानों द्वारा योजना की सभी शर्तें एवं आवश्यक दस्तावेज पूरे कर दिए जाएंगे, उनके भौतिक सत्यापन के उपरांत नियमानुसार अनुदान राशि जारी करने की आगामी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि डा. सुखदेव सिंह, सहायक कृषि अभियंता विजय जैन, एलडीएम संजीव, ड्रोन दीदी बिमला सिंवर व आवेदक किसान भी ड्रा में शामिल हुए।