HARYANA में 20 हजार रुपये रिश्वत लेते बिजली विभाग का लाइनमैन रंगे हाथ गिरफ्तार
mahendra india news, new delhi
एसीबी (राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) की नूंह टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के लाइनमैन राकेश को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना ACB, गुरुग्राम में अभियोग संख्या 36, दिनांक 27.08.2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं 308(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या था मामला -
शिकायतकर्ता ने राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने बेटे शाहिद के नाम से 6 किलोवाट बिजली कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था और कनेक्शन की निर्धारित सरकारी फीस भी जमा कर दी थी। शिकायत के अनुसार, बिजली विभाग के सब-डिविजन तावड़ू में तैनात लाइनमैन राकेश और जुनैद कनेक्शन लगाने की एवज में उससे 50000 रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पास तत्काल 20000 रुपये ही उपलब्ध थे। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी नूंह की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी लाइनमैन राकेश को शिकायतकर्ता से 20000 रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी जुनैद मौके पर मौजूद नहीं मिला। उसकी तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
- अपील - रिश्वत मांगे तो राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरोको करें शिकायत
HARYANA ACB ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य को करने की एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तत्काल एसीबी की हेल्पलाइन 1064 या 1800-180-2022 पर करें। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में आमजन की जागरूकता और सहयोग को महत्वपूर्ण बताया गया है।