नाथूसरी चोपटा सीएचसी में एमरजेंसी सेवाएं शुरू, विधायक भरत सिंह बैनीवाल और ग्रामीणों की मांग का हुआ असर
स्थायी नियुक्ति होने तक 4 वैकल्पिक चिकित्सकों की होगी तैनाती, लोगों ने बांटे लड्डू
mahendra india news, new delhi
नाथूसरी चोपटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चिकित्सकों की कमी से क्षेत्र के लोगों को हो रही परेशानियों का मामला माननीय विधायक भरत सिंह बैनीवाल के संज्ञान में आते ही उन्होंने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल सरकार व स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि चिकित्सकों के अभाव में क्षेत्र की हजारों की आबादी प्रभावित हो रही है और मरीजों को उपचार के लिए अन्य स्थानों का रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि स्थायी नियुक्ति होने तक तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
युवा कांग्रेस नेता सुमित बेनीवाल ने बताया कि विधायक की पहल पर स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि स्थायी चिकित्सकों की नियुक्ति होने तक शुक्रवार से नाथूसरी चोपटा सीएचसी में चार चिकित्सकों की वैकल्पिक ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए सिविल सर्जन, सिरसा कार्यालय की ओर से आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर मिनल ने बताया कि स्वस्थ्य विभाग के आदेशों के अनुसार सीएचसी में चिकित्सकों को रोस्टर के आधार पर नाथूसरी चोपटा सीएचसी में सेवाएं देने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें एमरजेंसी सेवाएं शुरू कर दी गई है।
विधायक भरत सिंह बैनीवाल ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया कि उन्होंने जनहित को देखते हुए त्वरित निर्णय लेते हुए वैकल्पिक व्यवस्था लागू की। विधायक ने कहा कि वे क्षेत्र की हर जनसमस्या को गंभीरता से उठाते रहेंगे और समाधान होने तक लगातार प्रयास जारी रखेंगे। इस निर्णय से नाथूसरी चोपटा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने रघुवीर कड़वासरा, राममूर्ति आर्य, विकास कुमार, रविंद्र सहित लोगों ने विभाग का आभार जताया और लड्डृू बांटकर खुशी जताई।