फार्मेसी विभाग, सीडीएलयू SIRSA में  पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित

 

Mahendra india news, new delhi

 चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा के फार्मेसी विभाग द्वारा कुलगुरु  प्रो. विजय कुमार के दिशा-निर्देशों में  पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।


कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से पौधारोपण करना, पानी बचाना और प्लास्टिक हटाना गतिविधि आयोजित की गई, जिसके अंतर्गत पौधे लगाओ, पौधे की रक्षा करो तथा प्लास्टिक एवं पॉलीथिन के प्रयोग से बचो का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों एवं विभागीय स्टाफ ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही, सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का उपयोग न करने तथा इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी सिरसा  के पर्यावरण मामलों के मानद सलाहकार मित्र सेन  ने बतौर मुख्य वक्ता बोलते हुए  पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी विभागों या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने घर, शिक्षण संस्थान और आसपास के क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाएं तथा दूसरों को भी पौधारोपण, पौधों की देखभाल और स्वच्छता के लिए प्रेरित करें। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उन की नियमित देखभाल करने तथा प्लास्टिक एवं पॉलीथिन के उपयोग से बचने का आह्वान किया।



फार्मेसी विभाग की चेयरपर्सन प्रो. संजू बाला ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन, मुख्य वक्ता, विभागीय स्टाफ और सभी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन या किसी एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे नियमित रूप से पौधों की देखभाल करें, जल एवं ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग करें, स्वच्छता बनाए रखें और प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाएं।


कार्यक्रम के प्रारंभ में फार्मेसी विभाग के इंचार्ज डॉ. गौरव खुराना ने मुख्य वक्ता एवं उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है तथा ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।इस अवसर पर श्रीमती रजनी रानी,  नीलम, ममता, हिमांशु ,  सहित फार्मेसी विभाग के सभी शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।