पोस्टर लांचिंग समारोह में सिरसा से एक्स सर्विस मैन कपिल शर्मा व दीपक शर्मा सम्मानित

 

mahendra india news, new delhi
  9वें रूट इंटरनेशनल फिल्म प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बन रही हरियाणवी फिल्म जो लेख लिखे राम ने का पोस्टर सोमवार को डीएवी गर्ल्स कॉलेज, यमुनानगर के आॅडिटोरियम में आयोजित भव्य समारोह में लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध अभिनेता राजेंद्र गुप्ता, फिल्म के निर्देशक रोहित कौशिक, फिल्म की पूरी टीम तथा अनेक गणमान्य एवं सम्मानित शख्सियतों ने शिरकत की। इस अवसर पर देश की रक्षा करते हुए शहादत देने वाले वीर शहीदों के परिवारों तथा देश की सेवा कर सेवानिवृत्त हुए पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। सिरसा से एक्स सर्विसमैन कपिल शर्मा व उनके भाई दीपक शर्मा को भी सम्मानित किया गया। समारोह देशभक्ति, सम्मान और गौरव की भावना से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शिरकत की और फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।


यह फिल्म नहीं, मेरे जीवन की तपस्या है: रोहित कौशिक
फिल्म के निर्देशक रोहित कौशिक ने कहा कि जो लेख लिखे राम ने उनके लिए केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि उनके जीवन की तपस्या है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म के माध्यम से देश के वीर जवानों के बलिदान, शहीद परिवारों की भावनाओं और देशभक्ति की भावना को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी हरियाणा की मिट्टी, संस्कृति, ग्रामीण परिवेश और सैनिक परंपरा से गहराई से जुड़ी हुई है। पूरी टीम ने इस फिल्म को पूरी निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ तैयार किया है। उनका उद्देश्य ऐसी कहानी को दर्शकों तक पहुंचाना है, जो मनोरंजन के साथ-साथ समाज को एक मजबूत और भावनात्मक संदेश भी दे।


दर्शकों के दिलों को छूएगी फिल्म:
सिरसा से सम्मानित हुए कपिल शर्मा व दीपक शर्मा ने कहा कि शहीदों के बलिदान, उनके परिवारों की भावनाओं और देशभक्ति से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर हरियाणवी कल्चर से ओतप्रोत यह फिल्म प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह फिल्म दर्शकों के दिलों को छुएगी और युवाओं में देशभक्ति तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि फिल्म जो लेख लिखे राम ने हरियाणवी सिनेमा में एक नई पहचान बनाएगी और दर्शकों के दिलों पर अपनी अमिट छाप छोड़ेगी।