16 दिन पानी बंद और 8 दिन सप्लाई से किसान परेशान, बाराबंदी के विरोध में किसानों ने खोला मोर्चा

 

mahendra india news, new delhi
नाथूसरी चौपटा अनाज मंडी से नहरों और माइनरों में पानी की बाराबंदी के विरोध में संयुक्त किसान संगठन के बैनर तले मंगलवार को नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के किसान फतेहाबाद के लघु सचिवालय में होने वाले धरना-प्रदर्शन को काफिले के साथ रवाना हुए। अनाज मंडी में रवाना होने से पहले किसानों ने पानी की मांग करते हुए रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद किसान एकता, किसान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए वाहनों में काफिले के साथ रवाना हुए। बाद में किसानों ने लघु सचिवाल फतेहाबाद में पानी की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। 


इससे पहले पूर्व सरपंच लादूराम पुनिया, ओमप्रकाश, प्रहलाद बैनीवाल, देवीलाल, पूर्व सरपंच हरी सिंह मंडा, देशबंधु बैनीवालख्, बलराम सहारण, प्रेम ठाकर, नेकीराम, भजनलाल, दलीप बुडानिया, कृष्ण ज्याणी खेड़ी, रोहताश पूनिया ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि नहरों व माइनरों में 16 दिन पानी बंद रहने के बाद केवल 8 दिन पानी छोड़े जाने का कार्यक्रम किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। इस गेहूं व सरसों के बिजाई सीजन में सिंचाई तो दूर गांवों में पीने के पानी की समस्या आ रही है।  क्योंकि इस व्यवस्था के चलते किसानों को पानी की अगली बारी के लिए करीब 40 दिन इंतजार करना पड़ेगा।


उन्होंने कहा कि इतने लंबे अंतराल के कारण किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों के सामने पीने के पानी की समस्या भी खड़ी हो सकती है। इससे किसानों और आम ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि दीपावली का सीजन चल रहा है। इस पर्व सीजन के अंदर भी लोगों को पानी खरीद कर पीना पड़ रहा है।