डीएपी खाद की कमी को लेकर किसानों ने नाथूसरी चौपटा में किया सिरसा भादरा रोड जाम 

 

mahendra india news, new delhi
नाथूसरी चौपटा में डीएपी को लेकर किसानों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा।  सुबह ५ बजे से लाइन में लगे किसानों को  खाद नहीं मिलने पर करीब २ बजे सिरसा भादरा रोड जाम कर दिया।  इस दौरान खाद वितरण केन्द्र के अधिकारी व कर्मचारी गोदाम को बंद कर कर चले गए। जिससे आक्रोशित किसानों ने सिरसा भादरा रोड पर बैठकर जोरदार प्रदर्शन किया और डीएपी खाद  लेने की मांग को लेकर नारेबाजी की। 


इसके बारे में सूचना मिलने पर नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस से पुलिसकर्मी दलबीर सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन किसानों ने मांग रखी कि पहले केंद्र का ताला खुलवाया जाए और फिर टोकन वितरित कर खाद वितरित  करवाई जाए ।इसी दौरान सिरसा भादरा रोड पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई और किसान लगातार डीएपी खाद की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे। 


गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से डीएपी खाद को लेकर लगातार किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। अब सरसों की बिजाई का समय चल रहा है और किसानों को खाद नहीं मिल रही है । किसान संदीप कुमार, बंसीलाल, निहाल सिंह, कृष्ण कुमार, नीरज सहित सैकड़ो किसानों ने बताया कि वह सुबह करीब ५:०० बजे आकर इफको केंद्र के आगे लाइन में लग गए थे उन्हें टोकन तो बांट दिए गए लेकिन खाद नहीं दी गई। किसानों की भीड़ को देखते हुए इफको के केंद्र प्रभारी केंद्र को ताला लगाकर चले गए। जिससे नाराज  किसानों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी शुरू कर दी। क्षेत्र के रुपाणा, शाहपुरिया, हजीरा, नाथूसरी कलां, लुदेसर, माखोसरानी तरकां वाली सहित कई गांवों के सैकड़ो किसान खाद के लिए भटकते रहे।