जमाल में किसानों ने बनाई आंदोलन की रणनीति, दीपावली पर फतेहाबाद में जुटेंगे किसान
mahendra india news, new delhi
नहरों और माइनरों में पानी की कटौती के विरोध में संयुक्त किसान संगठन के बैनर तले फतेहाबाद के लघु सचिवालय में चल रहे धरना-प्रदर्शन को गांव जमाल में शनिवार को किसानों ने बैठक कर आगे की रणनीति बनाई। इस बैठक में किसानों ने दीपावली के दिन रविवार को फतेहाबाद में दोपहर 3 बजे सीएम की शव यात्रा निकालने का फैसला लिया। जिसमें ज्यादा से ज्यादा किसानों के पहुंचने को लेकर रणनीति बनाई गई।
बैठक में संबोधित करते हुए पगड़ी संभाल जट्टा के हिसार के अध्यक्ष सतीश बैनीवाल, किसान नेता रणधीर जोधका, समाजसेवी रघुबीर कड़वासरा, जमाल के सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश डूडी, देवीलाल खिचड़, प्रहलाद बैनीवाल, दिलबाग चाहरवाला, उग्रेसन डूडी ने कहा कि नहरों व माइनरों में 16 दिन पानी बंद रहने के बाद केवल 8 दिन पानी छोड़े जाने का कार्यक्रम किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
इस गेहूं व सरसों के बिजाई सीजन में सिंचाई तो दूर गांवों में पीने के पानी की समस्या आ रही है। क्योंकि इस व्यवस्था के चलते किसानों को पानी की अगली बारी के लिए करीब 40 दिन इंतजार करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि इतने लंबे अंतराल के कारण किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों के सामने पीने के पानी की समस्या भी खड़ी हो सकती है। इससे किसानों और आम ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि दीपावली के दिन फतेहाबाद में सीएम की शवयात्रा निकाली जाएगी। जिसमें ज्यादा से ज्यादा किसानों को पहुंचने का आह्वान किया गया।