हरियाणा में कोहरे का कहर, मौसम विभाग ने इन जिलों में जारी किया अलर्ट

 
haryana weather

दिल्ली एनसीआर और हरियाणा में कोहरे का कहर लगातार जारी है, जिससे ठंड में भी वृद्धि हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में हरियाणा के सोनीपत में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिसके मुताबिक अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, जींद, चरखी दादरी, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा और कैथल जिले में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना हो सकता है, और साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट भी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, 30 नवंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे उत्तरी पर्वतीय राज्यों में भारी बर्फबारी हो सकती है। इससे हरियाणा और आसपास के मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है। नवंबर के अंत में दिन के तापमान में गिरावट की संभावना है।

हिसार में सर्दी और स्मॉग का असर एक साथ देखने को मिल रहा है। हवाओं के दिशा में बार-बार बदलाव हो रहे हैं, जिसके कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक 300-400 के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है, जो अत्यंत खराब और गंभीर स्थिति में है। विशेष रूप से महेन्द्रगढ़ जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक 332 तक पहुंच चुका है, जो प्रदूषण की गंभीर स्थिति को दर्शाता है।

मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर चंद्र मोहन के अनुसार, शीतलहर जैसी स्थिति भी बन सकती है, और राज्य में आगामी दिनों में सर्दी और प्रदूषण दोनों का प्रभाव देखा जा सकता है।