पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला ने किया महिलाओं के सशक्तिकरण का कार्य: मलिक

 

mahendra india news, new delhi
सिरसा। जननायक जनता पार्टी की महिला प्रदेशाध्यक्ष रजनी मलिक ने कहा कि हरियाणा में जननायक चौधरी देवीलाल और पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने ही सही मायने में महिला शक्ति को सम्मान दिया। वे सोमवार को जननायक जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय महिला बैठक में बतौर मुख्यातिथि बोल रही थी। उन्होंने कहा कि पूर्व डिप्टी सीएम के प्रयासों की बदौलत ही ये संभव हुआ कि हरियाणा में महिलाओं को पंचायती चुनावों में आरक्षण मिला। प्रदेश में महिलाओं को पंचायत चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण का समुचित लाभ मिला। इसी तरह राशन डिपुओं में 33 फीसदी आरक्षण दिलवाया। ये वही वक्त था जब किसानों को दुष्यंत चौटाला ने उनकी फसलों की राशि 72 घंटों में सीधे ही उनके खातों में डलवाई।


युवाओं के उत्साहवद्र्धन के लिए पूरे प्रदेश में 28 हजार ई लाइब्रेरी बनवाई थी। उन्होंने तमाम सांगठनिक महिलाओं से जेजेपी की कल्याणकारी नीतियों को प्रचारित कर अधिक से अधिक महिलाओं को जेजेपी संगठन से जोडऩे का आह्वान किया। महिला प्रदेशाध्यक्ष रजनी मलिक ने सभी महिला पदाधिकारियों व सदस्यों से आह्वान किया कि वर्ष 2029 के विधानसभा चुनावों में दुष्यंत चौटाला को मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य को लेकर पूरी सक्रियता से कार्य करें। महिला प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आज हरियाणा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराध व उनके शोषण के रोज नए नए मामले सामने आ रहे हैं जिससे प्रमाणित होता है कि प्रदेशभर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से विफल हुई है।

इससे पूर्व जेजेपी जिला कार्यालय में पहुंचने पर उनका अभिनंदन वरिष्ठ जेजेपी महिला नेत्री प्रोमिला शर्मा, सरोज डूडी, रूकमा सिहाग, पूजा महला, सिरसा हलकाध्यक्ष अमरजीत कौर, डबवाली हलकाध्यक्ष शकीला, अमन कालांवाली आदि ने उनका फूलगुच्छ से स्वागत किया। मंच संचालन रणदीप सिंह मट्टदादू ने किया। कार्यक्रम में जेजेपी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने महिला प्रदेशाध्यक्ष का अभिनंदन करते हुए कहा कि जिस संस्था में महिलाएं मजबूत हों वह संगठन भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि महिला नेत्री तथा कार्यकर्ता भी पार्टी को मजबूत करने के अहम जिम्मेदारी निभा सकती हैं। उन्होंने महिला प्रदेशाध्यक्ष रजनी मलिक का धन्यवाद करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में महिलाओं को एकजुट करने में वे एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बाद में सभी महिलाएं प्रदेशाध्यक्ष रजनी मलिक के नेतृत्व में चौटाला हाउस पहुंची और पूर्व विधायक नैना सिंह चौटाला से मिली और उन्हें बैठक संबंधी जानकारी दी।