CM नायब सिंह सैनी से ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल व उनके पुत्र भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य मनीष सिंगला ने की शिष्टाचार भेंट

 

 mahendra india news, new delhi
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के चंडीगढ़ स्थित निवास पर ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल व उनके पुत्र भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य मनीष सिंगला ने शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात औपचारिक होते हुए भी विकास के मुद्दों पर केंद्रित रही, जिसमें विशेष रूप से सिरसा जिले के ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े जनहित कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रो. गणेशी लाल व मनीष सिंगला ने सिरसा ग्रामीण क्षेत्र की वर्तमान विकास आवश्यकताओं, विशेषकर शिक्षा और ग्रामीण बुनियादी ढांचे से जुड़े लंबित कार्यों का विस्तृत विवरण मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन, मरम्मत, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, पेयजल, शौचालय, खेल मैदान तथा अन्य शैक्षणिक संसाधनों की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। इन मांगों को स्थानीय स्तर पर स्कूल प्रबंधन समितियों और ग्राम पंचायतों द्वारा उठाया गया है। इसके अतिरिक्त, विभिन्न गांवों के सरपंचों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों और विकास मांगों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष क्रमबद्ध तरीके से प्रस्तुत किया।

इनमें गांवों की सड़कों की मरम्मत और निर्माण, नालियों की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक भवन, पेयजल व्यवस्था, सीवरेज से संबंधित कार्य, तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल बताए गए। उन्होंने जोर दिया कि इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्र में जीवन स्तर बेहतर होगा और स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के माध्यम से प्रस्तावों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास, शिक्षा सुधार और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण को लेकर प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया कि जिन कार्यों का प्रस्ताव प्रशासनिक और तकनीकी दृष्टि से संभव है, उन्हें जल्द से जल्द प्रक्रिया में लाया जाएगा। मुलाकात का माहौल सकारात्मक और सहयोगपूर्ण रहा।