सिरसा के ब्राह्मकुमारी आश्रम में 10वें आयुर्वेद दिवस पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, महिलाओं व आमजन ने उठाया लाभ
आयुष विभाग, सिरसा ने 10वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर ब्रह्मकुमारी आश्रम, ब्लॉक C में एक भव्य निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आशु शर्मा के कुशल निर्देशन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेदिक चिकित्सा और प्राकृतिक उपचारों को आम जनता तक पहुँचाना था, ताकि आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न होने वाले रोगों से बचाव किया जा सके।
' आयुर्वेद जन-जन के लिए, पृथ्वी के कल्याण के लिए' थीम पर रहा जोर, इस वर्ष के आयुर्वेद दिवस की थीम "आयुर्वेद जन-जन के लिए, पृथ्वी के कल्याण के लिए" रखी गई थी, जिस पर विशेष ध्यान दिया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और ब्रह्मकुमारी बहनों ने भाग लिया। इसके अलावा, शहर और आसपास के इलाकों से आए आमजनों ने भी इस शिविर का लाभ उठाया। शिविर में आए सभी लोगों को उनकी बीमारियों के अनुसार निःशुल्क परामर्श और दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर में मौजूद अनुभवी चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने आहार-विहार, ऋतुचर्या और दिनचर्या के आयुर्वेदिक सिद्धांतों के बारे में विस्तार से बताया, ताकि लोग इन्हें अपनाकर रोगों से बच सकें। शिविर में खासकर महिलाओं की बीमारियों की जांच की गई और गर्भवती व स्तनपान कराने वाली माताओं, किशोरियों और बच्चों को कुपोषण से बचाव और संतुलित आहार के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
योग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
स्वास्थ्य शिविर के साथ-साथ योग सत्र का भी आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया और मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को संतुलित रखने के उपाय बताए। इसके अलावा, "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण और मातृ-समर्पण का प्रतीक था।
शिविर को सफल बनाने में डॉ. आशु शर्मा के साथ-साथ डॉ. हेमाराम, डॉ सुरेंदर पाल नागर, डॉ. सुचेता तोमर, डॉ. सीमा बंसल, डॉ. सुमति मदान, डॉ. उमेश सहगल, , डॉ. दीपिका शर्मा, डॉ. सुरभी पारिक, डॉ. शिफाली, डॉ. मीणा, डॉ. कंनुप्रिया, डॉ. हिमांशी, श्री सुरेश कुमार, श्री दिनेश कुमार, श्री चन्द्र प्रकाश, संजय कुमार, राजेश बरोड़ और अन्य कर्मचारियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। योग सत्र के संचालन में निशा, आईना, श्री इंदरजीत, रितु, श्री पंकज वर्मा, श्री लवकेश तनेजा का भी विशेष सहयोग रहा।
शिविर में आए लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल मुफ्त परामर्श और दवाइयां मिलीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा भी मिली। लोगों ने आयुष विभाग का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित होते रहेंगे।