गोगामेड़ी मेला 2026 का विधिवत समापन, 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई धोक

 

mahendra india news, new delhi

भाद्रपद माह में एक माह तक चलने वाले गोगामेड़ी मेले का आज विधिवत पुजा अर्चना के साथ समापन हुआ। मेले के समापन अवसर पर भादरा विधायक संजीव बेनीवाल ने देवस्थान विभाग द्वारा पहली बार पंतगबाजी व डाइनासोर के नए नवाचारों की शानदार व्यवस्था की तारीफ की, उन्होंने कहा कि मेला प्रशासन, पुलिस प्रशासन , सामाजिक संगठन और सभी धर्मशालाओं ने मिलकर मेला की शानदार व्यवस्था की। विधायक संजीव बेनीवाल ने अगले वर्ष गोगामेड़ी मेले में अधिक व्यवस्थाओं के लिए ओर अधिक बजट लाने की घोषणा की। इसके साथ ही पशु मेला का भी समापन किया गया।

मेला मजिस्ट्रेट सुनीता यादव ने कहा कि देश के कोने कोने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोगामेड़ी मेले में आते हैं। गोगामेडी मेला आस्था और श्रद्धा का केंद्र है, मेला की सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी धार्मिक और सामाजिक संस्थानों ने अच्छा सहयोग दिया। गोगाजी मेला समापन से पहले भादरा विधायक संजीव बेनीवाल, मेला मजिस्ट्रेट सुनीता यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी, देवस्थान विभाग सहायक आयुक्त गोरव सोनी व पशु पालन विभाग ने गोगाजी मंदिर में मत्था टेका तथा पुजा अर्चना कर गोगाजी की समाधि पर चद्दर चढ़ाकर क्षेत्र में खुशहाली व समृद्धि की कामना की।अवसर पर भादरा विधायक संजीव बेनीवाल, नोहर एसडीएम व मेला मजिस्ट्रेट सुनीता यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी, पूर्व सरपंच और मेला ठेकेदार मांगूसिंह गोगामेडी व पशु पालन विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इस वर्ष गोगामेड़ी मेले में 40 लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने गोगाजी व गुरु गोरखनाथ मंदिर में धौक लगाई। मेले में इतनी अधिक भीड़ होने के बाद भी मेला आज शांतिपूर्वक संपन्न होने पर प्रशासन ने सभी अधिकारियों की तारिफ की। जिला प्रशासन और देवस्थान विभाग ने इस बार यात्रियों की सुविधा के लिए कई नवाचार किए, जिनका व्यापक असर दिखाई दिया। मंदिर परिसर में पिछले वर्ष लगभग 850 फीट स्थायी स्टील बेरिकेटिंग बनाई गई, जिससे श्रद्धालुओं को धूप व बारिश से राहत मिली और चैन स्नैचिंग व पर्स चोरी की घटनाओं पर भी रोक लगी। समाधि के दर्शन के लिए 3 बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गईं। देवस्थान विभाग सहायक आयुक्त गोरव सोनी के मुताबिक, रैन बसेरों में आधुनिक सुविधाएं गोगाजी के श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई गई। रेन बसेरों में निःशुल्क चिकित्सालय संचालित किया गया,

जिसमें लगभग 25 हजार मरीजों का इलाज किया गया और दवाइयां भी वितरित की गईं। उल्लेखनीय है कि मेले में एक भी गंभीर चिकित्सकीय हादसा दर्ज नहीं हुआ। रैन बसेरों के सामने श्रद्धालुओं के लिए भंडारों की भी व्यवस्था की गई। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव की पहल पर श्री गोगाजी मंदिर के लिए एक अधिकृत वेबसाइट विकसित की गई, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को मेले से जुड़ी जानकारी व लाइव दर्शन उपलब्ध करवाए गए। मेला समापन पर अंतर्राष्ट्रीय कलाकार रामकुमार नाथ एंड पार्टी गोगामेडी ने जोरदार प्रस्तुतियां दी, पूर्णिमा को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धोक लगाई।