SIRSA में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने बैठक में विभिन्न मुद्दों पर किया विचार-विमर्श

 

Mahendra india news, new delhi
सिरसा। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई की बैठक जिला प्रधान विजय शर्मा की अध्यक्षता में राजकीय प्राथमिक पाठशाला हरचंद का बास, ऐलनाबाद में हुई। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ व आगामी योजना बनी। विस्तृत जानकारी देते हुए जिला प्रधान विजय शर्मा ने बताया कि खण्ड ऐलनाबाद में सरकार द्वारा पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर विद्यार्थी परिवहन सुरक्षा योजना लागू हुए एक साल से अधिक का समय बीत गया है, लेकिन खण्ड के अधिकतर विद्यालयों के वाहन चालकों को अभी तक राशि का भुगतान नहीं किया गया है,

जिस कारण यह योजना लाभकारी होने के बावजूद खटाई में पड़ती दिख रही है। इस योजना के कारण जहां एक ओर खण्ड के सरकारी विद्यालयों के नामांकन में बढ़ोतरी देखने को मिली थी, वहीं विद्यार्थियों के लिए भी यह योजना सहूलियत लेकर आई थी, लेकिन लम्बे समय से वाहन चालकों को पैसा न मिलने के कारण उनके लिए तो परेशानी पैदा हो ही गई है, साथ ही यह भी चिंता का विषय है कि यदि उन्होंने अपने आप को इस योजना से अलग कर लिया तो सरकारी विद्यालयों में नामांकन भी गिर सकता है।

संगठन ने इस विषय पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी से मिलकर इस समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रयास करने का निर्णय लिया। वहां से सफलता न मिलने के बाद उपायुक्त के संज्ञान में मामला लाए जाने पर भी सहमति बनी। इसके अतिरिक्त विभिन्न खण्ड कार्यकारिणीयों में अलग-अलग कारणों से हुई रिक्तियों पर भी सम्बन्धित खण्ड प्रधानों व खण्ड कार्यकारिणीयों की अनुशंसा पर नए सदस्यों का चयन किया गया। जिसमें सिरसा खण्ड में सचिव पद पर राजेन्द्र कुमार, राजकीय प्राथमिक पाठशाला अनाज मंडी, कोषाध्यक्ष पद पर पवन कुमार राजकीय प्राथमिक पाठशाला नटार व संगठन सचिव के पद पर दर्शना देवी का चयन किया गया। इसी प्रकार खण्ड रानियां में कोषाध्यक्ष पद पर सुखराम चौहान व संगठन सचिव के पद पर रमेश कुमार का चयन किया गया। खण्ड ऐलनाबाद में सचिव पद पर सतीश सुथार व ऑडिटर पद पर उमेद कुमार का चयन किया गया। बैठक में प्राथमिक शिक्षकों के नौ वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी स्थानांतरण न होने के मुद्दे पर चर्चा हुई व 12 अक्तूबर को होने वाली आगामी राज्य कार्यकारिणी की बैठक में सिरसा की इकाई की ओर से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने व इसे लेकर आंदोलन की ठोस रणनीति बनाने के लिए राज्य कार्यकारिणी के समक्ष जोर शोर से बात रखने पर सहमति बनी। बैठक में राज्य प्रेस सचिव तिलक भारद्वाज, जिला महासचिव विजय सहारण, खण्ड प्रधान भभूति प्रसाद, अजमेर सिंह, कन्हैया लाल चाहर, सुधीर सुथार, खण्ड सचिव मोहन सिंह, नवल किशोर, रामकुमार सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।