स्वामी विवेकानंद स्कूल एवं डिफेंस एकेडमी, अरनियांवाली में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन

 

Mahendra india news, new delhi

स्वामी विवेकानंद स्कूल एवं डिफेंस एकेडमी, अरनियांवाली में स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज महोत्सव बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर आसपास के गांवों की महिलाओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती रीटा कासनिया, सरपंच नाथूसरी तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती मंजू बेनीवाल, सरपंच पनीवाला मोटा होंगी। इस अवसर पर एक भव्य तिरंगा यात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें मुख्य अतिथि को सजी हुई खुली जिप्सी में कार्यक्रम स्थल तक लाया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया जाएगा। आसपास के गांवों से पहुंचने वाली महिलाएं पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर राष्ट्रध्वज को सलामी देंगी और देश के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना प्रकट करेंगी।

इसके पश्चात हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा पारंपरिक परिधानों में देशभक्ति गीत, हरियाणवी लोकगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं पारंपरिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से हरियाणवी संस्कृति, लोक परंपराओं और नारी शक्ति को प्रदर्शित किया जाएगा।

महोत्सव में पारंपरिक बर्तन, वस्त्र एवं पुरानी घरेलू वस्तुओं की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से पुरानी ग्रामीण जीवनशैली, हमारी संस्कृति और पूर्वजों की समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी से परिचित करवाया जाएगा।

कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती पूनम खोथ रहेंगी। विद्यालय प्रबंधन ने आसपास के गांवों की महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने तथा देशभक्ति और हरियाणवी संस्कृति के इस अनूठे संगम का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह आयोजन स्वतंत्रता दिवस की देशभक्ति, हरियाली तीज की उमंग और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक साथ जोड़ने वाला विशेष कार्यक्रम होगा।h