हरियाणा गवर्नमेंट कॉलेज टीचर एसोसिएशन ने सीडीएलयू के उपकुलपति को ज्ञापन दिया

 
mahendra india news, new delhi 

राजकीय नेशनल महाविद्यालय, सिरसा की प्राध्यापक यूनियन ने  हरियाणा गवर्नमेंट कॉलेज टीचर एसोसिएशन के बैनर तले प्राचार्य के माध्यम से सीडीएलयू के उपकुलपति को ज्ञापन दिया है, जिसमें सभी प्राध्यापकों ने परीक्षा ड्यूटी मेहनताने का शीघ्र अति शीघ्र भुगतान करने की मांग की है।


गौरतलब है कि चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा द्वारा प्रत्येक सत्र में दो बार परीक्षाओं का आयोजन करवाया जाता है जिसमें महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों की ड्यूटी फ्लाइंग स्क्वाड, सैंटर सुपरीटेंडेंट, डेप्युटी सुपरीटेंडेंट व सुपरवाइजर के रूप में लगाई जाती है। लेकिन विगत तीन वर्षों से परीक्षा ड्यूटी की एवज में दिए जाने वाले न केवल मेहनताने का बल्कि टीए व डीए जो कि प्राध्यापक स्वयं खर्च करता है, का भी भुगतान नहीं किया गया है।

यह बकाया राशि करोड़ों में है। कॉलेज के स्टाफ ने कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क साधने का प्रयास किया लेकिन कोई भी अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहा है। जिसके चलते महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों में अत्यधिक रोष है तथा उन्होंने परीक्षाओं का बहिष्कार करने की तैयारी की है। इसी श्रृंखला में आज सभी प्राध्यापकों ने एचजीसीटीए के बैनर तले तीखे शब्दों में प्राचार्य के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है। गवर्नमेंट कॉलेज टीचर एसोसिएशन के स्थानीय शाखा के प्रधान डॉ. सुरेंद्र कुमार ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन शीघ्र इस विषय में संज्ञान नहीं लेता है तो भविष्य में आंदोलन को और भी तेज किया जाएगा।