HARYANA के होमगार्ड जवानों को भी मिले 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता: चंद्रपाल तंवर
mahendra india news, new delhi
सिरसा। ऑल इंडिया होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंद्रपाल तंवर ने केंद्र सरकार द्वारा जारी किया गया 58 प्रतिशत महंगाई भत्त्ता हरियाण राज्य के जवानों को देने की मांग को लेकर सीएम को पत्र भेजा है। चंद्रपाल तंवर ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा जारी 58 % महंगाई भत्ता यूपी होमगार्ड के जवानों को देने का आदेश 30 अक्टूबर 2025 को जारी किया जा चुका है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने हरियाणा राज्य सरकार से मांग की कि हरियाणा राज्य के होमगार्ड जवानों को 58 प्रतिशत बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता दिया जाए। चंद्रपाल तंवर ने बताया कि जब 55 प्रतिशत भत्ता था, तब भी हरियाणा सरकार को महंगाई भत्ता देने के बारे में लिखा जा चुका है। हरियाणा राज्य सरकार ने अंशकालीन व दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों विभिन्न विभागों, बोर्ड, निगम और सार्वजनिक उपक्रम में कार्यरत वेतन भोगियों के लिए संशोधित वेतन में बढ़ोतरी की है, जोकि जनवरी 2025 से प्रभावी होगी, लेकिन होमगार्ड जवानों को बढ़ाए हुए महंगाई भत्ते का लाभ नहीं दिया गया।
उन्होंने बताया कि होमगार्ड के जवान पुलिस जवानों की तरह कानून व्यवस्था, चुनावी ड्यूटी, धरना ड्यूटी सहित सरकार के विभिन्न कार्यालयों में अपनी सेवाएं नि:स्वार्थ दे रहे हैं। जवानों को मात्र दिन का 788 रुपए ही भुगतान किया जाता है। नायाब सिंह सैनी मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार सहित सभी राज्य सरकारों से मांग की जाती है कि होमगार्ड के सभी जवानों को 58 प्रतिशत बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता दिया जाए।