Haryana Weather: हरियाणा में इस तारीख के बाद फिर एक्टिव होगा मानसून, जानें कहां- कहां होगी बारिश ​​​​​​​

 
Haryana Weather Alert: हरियाणा में मानसून की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। 28 जून को प्रदेश में मानसून ने दस्तक दी थी। जिसके बाद से ही लगातार बारिश का दौर जारी है। लेकिन अब प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गयी है।

मौसम विभाग की मानें तो हरियाणा में 12 जुलाई के बाद मानसून एक बार फिर एक्टिव होने की संभावना है। इसके बाद कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 12 जुलाई तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। 

राज्य में दक्षिण पश्चिम मानसून की सक्रियता 8 जुलाई तक बनी रहेगी। इससे राज्य में कुछ एक क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके बाद 9 से 11 जुलाई के दौरान मानसूनी हवाओं की सक्रियता में थोड़ी कमी होने की संभावना है।  इस दौरान मौसम साफ रहेगा।

बता दें कि हरियाणा के कई जिलों में पिछले एक हफ्ते से बारिश का दौर जारी है। बारिश से मौसम सुहावना हुआ लेकिन बारिश के बाद धूप निकलने से गर्मी और उमस महसूस होने लगी। लोगों को अब उमस और गर्मी ने परेशान कर दिया है। 

हालांकि आने वाले दिनों में फिर से बारिश के आसार हैं जिससे तापमान में गिरावट आएगी। बीते 7 जुलाई को भी प्रदेश के 10 जिलों में सुबह से लगातार बारिश हुई। इस वजह से यहां तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान सिरसा में सबसे ज्यादा 65 एमएम तो हिसार में 59.4 एमएम वर्षा का रिकार्ड दर्ज किया गया।