जेसीडी शिक्षण महाविद्यालय में इग्नू की परीक्षाएं 1 दिसंबर,2025 से- डॉ. जयप्रकाश    

 

mahendra india news, new delhi   
 सिरसा, 27 नवंबर 2025: जननायक चौधरी देवीलाल विद्यापीठ, सिरसा में स्थित जननायक चौधरी देवीलाल शिक्षण महाविद्यालय के प्रांगण में इग्नू की सत्रांत परीक्षा 1 दिसंबर 2025 से प्रारंभ हो रही है। जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जयप्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की टर्म एंड एग्जामिनेशन-2025 एक दिसंबर से शुरू होने जा रही हैं।

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के निदेशक डॉ. धर्मपाल व समस्त स्टाफ एवं प्रशासन के दिशानिर्देश एवं सहयोग से जेसीडी (पीजी) कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सिरसा परीक्षा केंद्र 1052 पी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।  क्षेत्रीय केंद्र करनाल ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सिरसा शहर में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें जेसीडी ,(पीजी)कॉलेज ऑफ एजुकेशन, राजकीय महिला महाविद्यालय और राजकीय नेशनल कॉलेज शामिल हैं।

डॉ.जयप्रकाश ने कहा कि परीक्षाओं के लिए सुबह और शाम की दोनों शिफ्टों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। सुबह परीक्षा प्रातः 10 बजे और सायंकाल की परीक्षा दोपहर 2 बजे से आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा में समय से पहले पहुंचना अनिवार्य रहेगा। विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। परीक्षा देने वाले सभी छात्रों के एडमिट कार्ड इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें डाउनलोड करके प्रिंट निकालना आवश्यक है।

परीक्षा केंद्र पर प्रवेश केवल एडमिट कार्ड और मान्य पहचान पत्र के आधार पर ही दिया जाएगा। जेसीडी ( पीजी) कॉलेज ऑफ एजुकेशन के परीक्षा प्रभारी डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली है। परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इस बात को ध्यान में रखते हुए अभिभावकों के ठहरने, पार्किंग एवं जलपान आदि की व्यवस्था की गई है।