सिरसा में घर का ताला तोड़कर जेवरात और मोबाइल चोरी, पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे में पकड़ा

 

 mahendra india news, new delhi
घर में सेंध लगाकर सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल चोरी करने की वारदात को सिरसा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शहर थाना की किर्ती नगर पुलिस चौकी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कंगनपुर रोड क्षेत्र से काबू किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा सामान भी बरामद कर लिया है।


शहर थाना प्रभारी ने बताया कि मेला ग्राउंड निवासी कन्हैया लाल पुत्र आत्माराम ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 26 नवंबर की रात अज्ञात युवक उसके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और एक मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। शिकायत मिलने पर थाना शहर सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की जांच के दौरान किर्ती नगर पुलिस चौकी की टीम ने घटनास्थल से मिले सुरागों और महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अजय कुमार पुत्र प्यारे लाल निवासी मेला ग्राउंड सिरसा को कंगनपुर रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया। पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों को रोकने तथा वारदातों में शामिल आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।