SIRSA में बाइक सवार युवक हेरोइन सहित काबू, सीआईए टीम को देखकर भागने की कोशिश की, पुलिस ने मौके पर दबोचा मामला दर्ज

 

Mahendra india news, new delhi
सिरसा जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ सिरसा पुलिस ने गांव फरवाई क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बाइक सवार एक युवक को 14.10 ग्राम हेरोइन और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मंगल सिंह उर्फ मंगा पुत्र कुलवंत सिंह निवासी ढाणी राय सिक्ख, गांव फरवाई के रूप में हुई है ।

सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के दिशा-निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सीआईए सिरसा की एक पुलिस टीम ने गांव भरोखां के पास गश्त और पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान गांव फरवाई की तरफ से एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। युवक की नजर जैसे ही पुलिस टीम पर पड़ी, उसने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस कर्मचारियों ने पीछा कर उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 14.10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर सिरसा में  एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच सदर थाना पुलिस को सौंप दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। सिरसा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी या किसी अन्य अपराध से संबंधित जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।