SIRSA में 9 गांव से होते हुए 20 किलोमीटर साइकिल चलाकर एसपी ने साइक्लोथॉन में शामिल युवाओं का बढ़ाया मनोबल

 
Mahendra india news. new delhi

SIRSA पुलिस द्वारा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से एक भव्य साइक्लोथॉन रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने न केवल साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, बल्कि स्वयं साइकिल चलाकर इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई और युवाओं का उत्साहवर्धन किया।

यह साइक्लोथॉन रैली रानियां थाना क्षेत्र के अंतर्गत जीवन नगर स्थित सतगुरु प्रताप सिंह स्टेडियम से शुरू होकर संत नगर, जगजीत नगर दमदमा, धर्मपुर, संतोखपुरा, हार्निया, हर्निया खुर्द तथा अमृतसर खुह जैसे कुल 9 गांवों से गुजरते हुए लगभग 20 किलोमीटर का सफर तय कर गुरुदेव इंडोर स्टेडियम, संत नगर में संपन्न हुई।

रैली के दौरान विभिन्न गांवों में ग्रामीणों द्वारा प्रतिभागियों का भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से अभिनंदन किया और पुष्प वर्षा कर युवाओं का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर युवाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया और “नशा मुक्त सिरसा” के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।

इस अवसर पर एसपी दीपक सहारन ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और खेल व शिक्षा के क्षेत्र में अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का सपना तभी साकार हो सकता है जब इसमें जनभागीदारी सुनिश्चित हो।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी के आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है, तो उसे छोड़ने के लिए प्रेरित करना समाज के हर व्यक्ति का दायित्व है। सिरसा पुलिस प्रशासन नशे के आदी युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इसके लिए हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

एसपी सहारन ने साइक्लोथॉन में भाग लेने वाले युवाओं को “बब्बर शेर” की संज्ञा देते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि युवा शक्ति जागरूक हो जाए, तो वह दिन दूर नहीं जब समाज पूर्ण रूप से नशा मुक्त होगा।

उन्होंने जानकारी दी कि सिरसा पुलिस द्वारा अब तक 172 गांवों तथा ऐलनाबाद, सिरसा और रानियां के 12 वार्डों को नशा मुक्ति का संदेश दे चुकी है। उन्होंने अन्य गांवों के सरपंचों और ग्रामीणों से भी अपील की कि वे इन गांवों को रोल मॉडल मानते हुए अपने क्षेत्रों को नशा मुक्त बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

इस साइक्लोथॉन रैली में डीएसपी सिद्धार्थ बिश्नोई, ऐलनाबाद थाना प्रभारी प्रगट सिंह, रानियां थाना प्रभारी मनिंदर सिंह सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे। कार्यक्रम ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने में एक प्रभावी संदेश दिया और समाज को सकारात्मक दिशा में प्रेरित किया।