गांव शक्करमंदोरी में भारतीय वायुसेना ने लगाया मेडिकल कैंप, 248 मरीजों की जांच, दी दवाएं
mahendra india news, new delhi
सिरसा। भारतीय वायुसेना सिरसा के एयर कोमोडोर रोहित कपिल के निर्देशानुसार सोमवार को वायुसेना अधिकारियों व कर्मचारियों ने जिले के गांव शक्करमंदोरी में मेडिकल कैंप लगाकर 248 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। उल्लेखनीय है कि बाढ़ के पानी आने के कारण गांव में संक्रामक रोगों की आशंका के दृष्टिगत स्टेशन मेडिकेयर सेंटर एयरफोर्स स्टेशन सिरसा की तरफ से यह चिकित्सीय कैंप लगाया गया।
भारतीय वायुसेना की टीम ने इस अवसर पर ग्रामीणों के खून की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाएं दी गई। स्टेशन मेडिकेयर सेंटर एयरफोर्स स्टेशन सिरसा की वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर तपस्या बिश्नोई के नेतृत्व में आयोजित इस मेडिकल कैंप में डॉक्टर साक्षात शर्मा, जूनियर वारंट ऑफिसर एसके सुंघ, स्टेशन साइकोलॉजिकल काउंसलर रामगोपाल शर्मा व पूरी मेडिकल टीम ने अपना पूरा योगदान दिया। वहीं ग्राम पंचायत शक्करमंदौरी ने भी भारतीय वायुसेना की ओर से ग्रामीणों की मदद करने के लिए पूरी टीम का आभार जताया।