CDLU SIRSA में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन

 

Mahendra india news, new delhi
 चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवगठित टेक्नो क्लब द्वारा बीटेक सीएसई (एआई एंड एमएल), एम.एससी. कंप्यूटर साइंस (एआई एंड डेटा साइंस) एवं पीजीडीसीए के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय एवं विभाग के शैक्षणिक वातावरण, सुविधाओं, विद्यार्थी सेवाओं, करियर अवसरों तथा तकनीकी एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित करवाना था।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार द्वारा पौधारोपण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. सुनील कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निर्णय लेने की क्षमता, टीम वर्क तथा लक्ष्य, कार्य एवं मूल्यों के बीच सामंजस्य बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को AI को एक प्रभावी उपकरण के रूप में उपयोग करने तथा उस पर पूरी तरह निर्भर न रहने की सलाह दी।


चेयरपर्सन प्रो. हरीश रोहिल ने स्वागत संबोधन में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सीडीएलयू पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम के दौरान प्रो. सुल्तान ढांडा, प्रो. रंजीत कौर, प्रो. राज कुमार, हिम्मत सिंह, राजेश चिकारा, संदीप कौशल एवं गुलशन ने छात्रावास सुविधाओं, परीक्षा प्रणाली, सुरक्षा एवं अनुशासन, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट तथा आईटी सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की।


वरिष्ठ विद्यार्थियों नारायण, लीना एवं हर्ष पवार ने अपने अनुभव साझा करते हुए नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शैक्षणिक, तकनीकी एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. हरीश रोहिल एवं सुमन कासनिया ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान किया। इंडक्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक मार्गदर्शन, करियर जागरूकता, तकनीकी जानकारी, प्रेरणा एवं संवाद का प्रभावी मंच सिद्ध हुआ। कार्यक्रम के अंत में सुमन कासनिया ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा मुख्य अतिथि को सम्मान स्वरूप स्मृति चिह्न भेंट किया गया। कुमकुम एवं खुशी ने कार्यक्रम का मंच संचालन किया।