सीडीएलयू SIRSA के भौतिकी एवं प्राणीशास्त्र विभाग में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित

 

mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के दिशा-निर्देशन में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भौतिकी एवं प्राणीशास्त्र विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए।


भौतिकी विभाग द्वारा नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता भौतिकी विभाग के चेयरपर्सन प्रो. राम मेहर दीक्षित ने की। प्रो. दीक्षित ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं एवं संसाधनों की जानकारी दी। उन्होंने समाज के निर्माण और विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक जीवन का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। प्रो. दीक्षित ने विद्यार्थियों को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के इतिहास, वर्तमान उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं और उद्देश्यों से भी अवगत करवाया। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, अनुशासन एवं नवाचार को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के आरंभ में दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल, सोनीपत के प्रो. प्रदीप सिंह ने ‘21वीं सदी में नाभिकीय भौतिकी में अवसर’ विषय पर विस्तार व्याख्यान दिया। उन्होंने नाभिकीय भौतिकी के क्षेत्र में उभरती संभावनाओं, अनुसंधान के नए आयामों तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध करियर अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर प्रो. सुशील कुमार, प्रो. धर्मवीर सिंह अहलावत, डॉ. सुखविंदर दुहन, डॉ. रजनी, डॉ. प्रियंका, डॉ. सरूची रानी, डॉ. अमरीक सिंह, संजय कांटीवाल, सुरेश, पवन एवं पिंकी सहित विभाग के शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विभाग के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ, शोधार्थियों तथा विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
 


इसी क्रम में प्राणीशास्त्र विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभाग, विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं से परिचित करवाना तथा उनके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना था। कार्यक्रम के आरंभ में शिक्षिका निष्ठा भारती ने विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्यों एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। विभागाध्यक्ष प्रो. जोगिंदर सिंह दूहन ने विद्यार्थियों को प्राणीशास्त्र विभाग, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय तथा विभाग में आयोजित की जाने वाली विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।


प्रो. दूहन ने विद्यार्थियों को अध्ययन के प्रति समर्पित रहने और अपने भविष्य एवं करियर के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास एवं सफल भविष्य निर्माण का भी महत्वपूर्ण आधार है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा विश्वविद्यालय की एंटी-रैगिंग कमेटी एवं उससे संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।


डॉ. सुखमीत कंग ने अपने संबोधन में कहा कि कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय निकट भविष्य में शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में और अधिक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करेगा। कार्यक्रम में डॉ. हरकृष्ण कम्बोज, डॉ. सुखमीत कंग, निष्ठा भारती सहित विभाग के शिक्षण स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी शिक्षण स्टाफ सदस्यों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया।