जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने किया हिसार मल्टीपरपज घग्गर ड्रेन की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण

 

mahendra india news, new delhi

जननायक जनता पार्टी (JJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने  हिसार मल्टीपरपज घग्गर ड्रेन की सफाई व्यवस्था का जमीनी निरीक्षण किया। मानसून के मद्देनजर बाढ़ की स्थिति से निपटने और जलभराव की समस्या को रोकने के लिए उन्होंने प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान वे ड्रेन के दायरे में आने वाले विभिन्न गांवों, जिनमें मुख्य रूप से शाहपुरिया, शंकरमंदोरी,चाहरवाला  के दौरों पर रहे।

निरीक्षण के दौरान डॉ. चौटाला ने ड्रेन की सफाई की गति और गुणवत्ता पर अधिकारियों से रिपोर्ट ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्रेन में जमा गाद और झाड़ियों को पूरी तरह साफ किया जाए ताकि पानी का बहाव निर्बाध रूप से हो सके। ग्रामीणों से बातचीत करते हुए जेजेपी अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की फसलों और ग्रामीणों के घरों को नुकसान से बचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ग्रामीणों ने डॉ. चौटाला के समक्ष ड्रेन से जुड़ी कुछ स्थानीय समस्याएं भी रखीं, जिस पर उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उचित दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर उनके साथ जेजेपी के किसान सेल के प्रदेश महासचिव सुरेंद्र चाहरवाला, पार्टी के ऐलनाबाद हल्का प्रधान अनिल कासनिया, पार्टी के जिला युवा प्रभारी शांतनु गोदारा, सुधीर कुकना, कृष्ण शाहपुरिया, राजेंद्र कस्वा, मदन गाट, देवीलाल कड़वासरा, वेद सहारन सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।