सेंट जेवियर स्कूल में नृत्यांजलि नृत्य प्रतियोगिता में सेंट जोसेफ स्कूल डबवाली रहा प्रथम
mahendra india news, new delhi
सिरसा। सेंट जेवियर स्कूल में नृत्यांजलि नृत्य प्रतियोगिता का अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं शानदार आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि फादर डा. जॉन ब्रिटो और गेस्ट ऑफ ऑनर राजरानी मल्हन व गणमान्य सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजर फादर रेजीनाल्ड, प्रधानाचार्य फादर सेल्वराज पीटर, मुख्य समन्वयक सिस्टर अलीशा, अभिभावक, अन्य विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक गण उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया और शास्त्रीय शैली एवं आध्यात्मिकता पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की ऊर्जा, ताल-लय और अभिव्यक्ति ने पूरे वातावरण को उत्साह से भर दिया। नृत्यांजलि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सेंट जोसेफ स्कूल डबवाली, द्वितीय स्थान सेंट फ्रांसिस जेवियर स्कूल हिसार तथा तृतीय स्थान शाह सतनाम जी गल्र्स स्कूल सिरसा ने प्राप्त किया।
निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन अभिव्यक्ति, तालमेल, प्रस्तुतिकरण और वेश-भूषा के आधार पर किया। विजेताओं को धनराशि, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों की सराहना की और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास और कलात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देती हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।