कंजक पूजन,अलख निरंंजन भवन में कांडा परिवार के सदस्यों ने अष्टमी पर किया कंजक पूजन

 
mahendra india news, new delhi

सिरसा। दुर्गा अष्टमी पर मंगलवार को रानियां रोड स्थित पूर्व गृहराज्यमंत्री एवं हलोपा सुप्रीमो गोपाल कांडा और वरिष्ठ भाजपा नेता व मुख्य सेवक श्री बाबा तारा जी कुटिया गोबिंद कांडा के आवास अलख निरंंजन भवन में कंजक पूजन (कन्या पूजन) किया गया। जहां पर सबसे पहले 201 कन्याओं के चरण धोये, उन्हें तिलक लगाकर और आसन पर बैठाकर भोजन कराया। कांडा परिवार के सदस्यों ने सभी कन्याओं से आशीर्वाद लिया और उन्हें फल और उपहार भेंट किए।

 


दुर्गा अष्टमी पर अलख निरंंजन भवन में सबसे पहले पंडित संदीप शर्मा और पंडित पवन भारद्वाज व पंडित   रजनीश मिश्रा ने मां दुर्गा का पूजन विधि विधान के साथ करवाया। कांडा परिवार के सदस्यों ने मां दुर्गा की आरती की और प्रसाद का भोग लगाया।  कन्या पूजन पर सबसे पहले श्री बाबा तारा जी कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा, उनकी धर्मपत्नी सरिता कांडा, भाई स्व. महान कांडा की धर्मपत्नी संगीता कांडा, धैर्य कांडा और लाभांशी कांडा आदि ने सभी कन्याओं का घर आगमन पर स्वागत करते हुए  शुद्ध जल में हल्दी मिलाकर उनके चरण धोये। सभी को तिलक लगाया गया। सभी को आसन पर बैठाकर उन्हें भोजन करवाया, भोजन रूपी प्रसाद में  खीर, पूरी, हलवा, नारियल परोसा गया। उन्हें  फल और उपहार भेंट किए गए। लाभांशी भी कन्या पूजन में शामिल हुई।

 

भोजन के बाद सभी कन्याओं ने बारी बारी से कांडा परिवार के सभी सदस्यों को आशीर्वाद प्रदान किया।  मान्यताओं के अनुसार कन्या पूजन  के दिन कन्या और बटुक की पूजा करने से मां भगवती प्रसन्न होती हैं और धन-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करती हैं।  इस मौके पर गोबिंद कांडा ने कहा कि जगत जननी मां जगदंबे की आदि काल से ही पूजा होती आ रही है। देवताओं ने भी मां की आपार शक्ति को माना है और कोई भी धार्मिक कार्य करने से पहले उनकी पूजा की है। आज के युग में भी कुछ लोग बेटों और बेटियों में फर्क महसूस करते हैं, लेकिन बदलते हुए दौर में बहुत सी बेटियों ने अपने माता-पिता का नाम ऊंचा करते हुए समाज में अच्छा स्थान हासिल किया है । उन्होंने कहा कि कंजक पूजन के दौरान जहां हम बेटियों के रूप में कंजक की तलाश करते हुए घर-घर जाते हैं वही अपने आंगन में एक कन्या की किलकारी सुनने में घबराहट महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें बेटियों को बेटों की भांति सम्मान देकर उन्हें जन्म देना चाहिए।