SIRSA में कंवर ग्रेवाल और मासूम शर्मा देंगे शानदार प्रस्तुति, जेसीडी आईबीएम में दो दिवसीय भव्य मैनेजमेंट फेस्ट ‘एम-फिएस्टा 2K26’
Mahendra india news, new delhi
SIRSA जेसीडी विद्यापीठ स्थित इंस्टिट्यूट ऑफ बिज़नेस मैनेजमेंट (IBM), सिरसा में 17 और 18 मार्च 2026 को दो दिवसीय भव्य मैनेजमेंट फेस्ट “एम-फिएस्टा 2K26” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जेसीडी इंस्टिट्यूट ऑफ बिज़नेस मैनेजमेंट द्वारा आयोजित किया जा रहा है और इसका आयोजन जेसीडी विद्यापीठ के मुख्य मैदान में होगा। इस बड़े आयोजन को लेकर संस्थान परिसर में इन दिनों जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं और छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जय प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि यह दो दिवसीय महोत्सव युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि एम-फिएस्टा केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता को भी प्रोत्साहित करने का एक मंच है।
कार्यक्रम के पहले दिन 17 मार्च को सुबह ऑफ-रोडिंग गतिविधि एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जाएगा। इन दोनों कार्यक्रमों का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. विजय कुमार, कुलपति, चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन के बाद पूरे दिन फाइन आर्ट्स प्रतियोगिताएं, नृत्य, संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
पहले दिन की शाम कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध पंजाबी सूफी गायक कंवर ग्रेवाल की लाइव प्रस्तुति होगी। अपनी सूफी गायकी और आध्यात्मिक संगीत के लिए प्रसिद्ध कंवर ग्रेवाल की प्रस्तुति कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। उनकी ऊर्जावान और भावपूर्ण गायकी निश्चित रूप से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगी।
महोत्सव के दूसरे दिन 18 मार्च को सुबह विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ रैंप वॉक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राएं फैशन, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे। इस दिन कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. हरलीन कौर, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, सीजीसी यूनिवर्सिटी, मोहाली होंगी।
दूसरे दिन शाम को आयोजित होने वाले भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में हरियाणवी संगीत जगत के लोकप्रिय कलाकार मासूम शर्मा तथा शिवा चौधरी अपनी शानदार प्रस्तुतियां देंगे। उनके लोकप्रिय गीतों और दमदार स्टेज परफॉर्मेंस से कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बनेगा और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन होगा।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. रोशन लाल ने बताया कि इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियां गठित की गई हैं और सभी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। आयोजन को व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों की अलग-अलग टीमें कार्य कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शहरवासी भी भाग लेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दोनों दिनों की टिकटें उपलब्ध हैं और इच्छुक लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बुक माई शो के माध्यम से भी टिकटें बुक कर सकते हैं।
इन दिनों संस्थान परिसर में डांस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रैंप वॉक की लगातार प्रैक्टिस चल रही है, ताकि एम-फिएस्टा 2K26 को भव्य और यादगार बनाया जा सके। आयोजकों का कहना है कि यह महोत्सव युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ शहरवासियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा और जेसीडी विद्यापीठ के सांस्कृतिक वातावरण को और समृद्ध करेगा।